फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 15 मई 2026 जिला विधिक सेवा प्राधिकरण फर्रुखाबाद के तत्वावधान में विधिक सेवा दिवस एवं विधिक जागरूकता दिवस के अवसर पर मेजर एसडी सिंह पीजी आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज, बैकुंठ धाम बेवर रोड फर्रुखाबाद में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को उनके कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता तथा महिला सुरक्षा एवं साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना रहा।कार्यक्रम का शुभारंभ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं न्यायाधीश श्रीमती बिंदिया भटनागर द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। उन्होंने महिलाओं को सुरक्षा, शिक्षा, आत्मनिर्भरता एवं महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी। साथ ही महिलाओं को उनके अधिकारों, सरकारी योजनाओं तथा साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी भी दी गई।डिप्टी चीफ लीगल एड डिफेन्स काउंसिल सुरेन्द्र कुमार राणा ने साइबर अपराध, साइबर ठगी एवं डिजिटल अरेस्ट जैसे मामलों से बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध कॉल या ऑनलाइन गतिविधि से सतर्क रहें तथा आवश्यकता पड़ने पर हेल्पलाइन और संबंधित विभागों से तुरंत संपर्क करें।पूर्व अध्यक्ष जिला बार एसोसियेशन जवाहर सिंह गंगवार ने घरेलू हिंसा, बाल संरक्षण, महिला सुरक्षा, सड़क सुरक्षा तथा उपभोक्ता अधिकारों के विषय में लोगों को जागरूक किया। वहीं चीफ लीगल एड डिफेन्स काउंसिल शिव नरेश सिंह ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर, असहाय, महिला, वृद्ध, दिव्यांग एवं जरूरतमंद व्यक्तियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है।कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को न्याय तक सरल पहुंच सुनिश्चित करने तथा कानून के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। अंत में कॉलेज की प्रिंसिपल द्वारा सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया तथा राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।इस अवसर पर सीता सिंह, प्रशांत गुप्ता, राम सिंह मौर्या, देवराज सिंह, देवेन्द्र सिंह यादव, अधिवक्तागण, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
फर्रुखाबाद:विधिक सेवा दिवस एवं विधिक जागरूकता दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
