Friday, 30 October 2026 | 8:30 PM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद:आशा बहनों के आंदोलन को आम आदमी पार्टी का समर्थन, नीरज प्रताप शाक्य ने उठाई ₹26 हजार मानदेय और सरकारी कर्मचारी का दर्जा देने की मांग

फर्रुखाबाद जिला अस्पताल फतेहगढ़ में आशा कार्यकर्ताओं ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन किया। आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष इंजीनियर नीरज प्रताप शाक्य ने आंदोलनरत आशा बहनों से मुलाकात कर उनकी मांगों का समर्थन किया और शासन-प्रशासन तक आवाज पहुंचाने का भरोसा दिया।
Share:
फर्रुखाबाद:आशा बहनों के आंदोलन को आम आदमी पार्टी का समर्थन, नीरज प्रताप शाक्य ने उठाई ₹26 हजार मानदेय और सरकारी कर्मचारी का दर्जा देने की मांग
फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24) जिला अस्पताल फतेहगढ़ में अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन कर रहीं आशा कार्यकर्ताओं को आम आदमी पार्टी ने समर्थन दिया। आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष इंजीनियर नीरज प्रताप शाक्य ने आंदोलनरत आशा बहनों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनकी मांगों को जायज बताते हुए शासन-प्रशासन तक उनकी आवाज पहुंचाने का संकल्प लिया।
आशा कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे पिछले करीब 21 वर्षों से स्वास्थ्य विभाग के महत्वपूर्ण जमीनी कार्यों में अपनी सेवाएं दे रही हैं। उनकी नियुक्ति मुख्य रूप से जच्चा-बच्चा की देखभाल और ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से की गई थी। इसके बावजूद उन्हें अभी तक नियमित सरकारी कर्मचारी का दर्जा नहीं दिया गया है।
आशा बहनों के अनुसार उन्हें वर्तमान में लगभग ₹2,200 प्रतिमाह मानदेय दिया जाता है, जबकि उनसे स्वास्थ्य विभाग से संबंधित 75 से अधिक प्रकार के कार्य कराए जाते हैं। उनका कहना है कि कुछ चुनिंदा कार्यों को छोड़कर अधिकांश कार्यों के लिए अलग से कोई अतिरिक्त मानदेय नहीं मिलता।
आशा कार्यकर्ताओं ने कहा कि कोरोना काल जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना स्वास्थ्य सेवाओं को लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सामान्य परिस्थितियों में भी वे ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में घर-घर जाकर गर्भवती महिलाओं, नवजात बच्चों और परिवारों से संबंधित स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान देती हैं।
आंदोलनरत आशा बहनों ने सरकार से ₹26,000 प्रतिमाह वेतन, फंड, बीमा, हेल्थ इंश्योरेंस सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने और उन्हें सरकारी कर्मचारी का दर्जा देने की मांग की है। उनका कहना है कि नियमित कर्मचारी का दर्जा मिलने से वे अधिक बेहतर तरीके से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकेंगी।
आशा कार्यकर्ताओं ने प्रत्येक जिले और ब्लॉक स्तर पर उनके लिए कार्यालय स्थापित करने के साथ ही नगर पंचायत एवं न्याय पंचायत स्तर पर कार्यालय और आवश्यक स्टाफ उपलब्ध कराने की भी मांग रखी है।
आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष इंजीनियर नीरज प्रताप शाक्य ने आंदोलनरत आशा बहनों की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि आशा कार्यकर्ता स्वास्थ्य व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। वे ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर शहरी इलाकों तक लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने का काम करती हैं।
उन्होंने कहा कि आशा बहनों की समस्याओं और जायज मांगों को संबंधित प्रशासन एवं सरकार तक पहुंचाने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने आंदोलनरत आशा कार्यकर्ताओं को तन, मन और धन से हर संभव सहयोग देने का आह्वान किया।
आशा कार्यकर्ताओं ने उम्मीद जताई कि सरकार उनकी लंबे समय से लंबित मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगी।