फर्रुखाबाद:संडे बाजार व्यापारियों के समर्थन में मशाल जुलूस का प्रयास, प्रशासन ने रोका

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 09 जनवरी 2026 उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल के नेतृत्व में आज संडे बाजार के व्यापारियों की समस्याओं को लेकर चौक क्षेत्र में मशाल जुलूस निकालने का प्रयास किया गया। व्यापार मंडल के पदाधिकारी एवं संडे बाजार के व्यापारी जब चौक चौराहे पर पहुँचे, तो कोतवाली प्रभारी निरीक्षक, घूमना चौकी एवं पल्ला चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे और मशाल जुलूस निकालने से रोक दिया।

इस दौरान व्यापारियों और पुलिस प्रशासन के बीच काफ़ी देर तक नोकझोंक भी हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कोतवाली निरीक्षक ने अपने मोबाइल फोन से सीओ सिटी से वार्ता कराई। फोन पर हुई बातचीत में सीओ सिटी द्वारा अवगत कराया गया कि सिटी मजिस्ट्रेट के साथ कल एक बैठक आयोजित कर व्यापारियों की समस्याओं पर चर्चा कराई जाएगी।

इसके पश्चात उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष अंकुर श्रीवास्तव ने कहा कि प्रशासन से फोन पर हुई वार्ता के बाद फिलहाल मशाल जुलूस को स्थगित कर दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि संडे बाजार के व्यापारियों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।

उन्होंने कहा कि व्यापारी मुकदमों से डरने वाले नहीं हैं और संडे बाजार के व्यापारियों के अधिकारों की लड़ाई पूरी मजबूती के साथ जारी रखी जाएगी।

मौके पर भारी पुलिस बल की मौजूदगी के चलते किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।