फर्रुखाबाद:बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार के विरोध में आम आदमी पार्टी का जिले में जोरदार धरना-प्रदर्शन

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 11 जनवरी 2026 बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर हो रहे कथित अत्याचारों, हत्याओं और धार्मिक स्थलों को निशाना बनाए जाने के विरोध में आम आदमी पार्टी, फर्रुखाबाद द्वारा शुक्रवार को आईटीआई चौराहे पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शन आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष इंजीनियर नीरज प्रताप शाक्य के नेतृत्व में दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक चला, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम जनता ने भी सहभागिता की।

धरना-प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “बांग्लादेश मुर्दाबाद”, “अडानी की बिजली बंद करो”, “बांग्लादेश को तेल देना बंद करो”, “शेख हसीना को वापस भेजो” जैसे तीखे और आक्रोशपूर्ण नारे लगाए। चौराहे पर मौजूद आम नागरिकों ने भी पार्टी द्वारा उठाए गए मुद्दों का समर्थन करते हुए प्रदर्शन में भाग लिया।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए जिला अध्यक्ष इंजीनियर नीरज प्रताप शाक्य ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर लगातार हमले, मंदिरों को निशाना बनाना, महिलाओं व बच्चों के साथ बर्बरता तथा भय के माहौल में जबरन पलायन की घटनाएं अत्यंत चिंताजनक और मानवता को शर्मसार करने वाली हैं। उन्होंने कहा कि इन गंभीर घटनाओं के बावजूद भारत की केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अब तक कोई ठोस, प्रभावी और निर्णायक कार्रवाई न किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी का स्पष्ट मत है कि भारत जैसे लोकतांत्रिक और नैतिक नेतृत्व वाले राष्ट्र को पड़ोसी देश में हो रहे संगठित अत्याचारों पर मौन नहीं रहना चाहिए। भारत को अपनी कूटनीतिक, आर्थिक और अंतरराष्ट्रीय शक्ति का प्रयोग कर बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करानी चाहिए। सरकार की चुप्पी से अत्याचारियों का मनोबल बढ़ रहा है।

इस अवसर पर आम आदमी पार्टी ने महामहिम राष्ट्रपति से संविधान के अंतर्गत अपने विशेष अधिकारों का प्रयोग करते हुए केंद्र सरकार को तत्काल कठोर निर्णय लेने के निर्देश देने की मांग की। पार्टी की प्रमुख मांगों में भारत-बांग्लादेश के व्यापारिक एवं कूटनीतिक संबंध समाप्त करना, बांग्लादेश को दी जा रही बिजली आपूर्ति पर रोक लगाना, अडानी समूह द्वारा बांग्लादेश को दी जा रही बिजली सप्लाई बंद करना तथा बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को भारत से वापस भेजने जैसे मुद्दे शामिल रहे।

जिला अध्यक्ष ने कहा कि एक ओर भाजपा सरकार स्वयं को हिंदू हितैषी बताती है, वहीं दूसरी ओर बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्या हो रही है और भारत से बिजली, तेल और खाद्यान्न की आपूर्ति जारी है। यदि समय रहते निर्णायक कदम नहीं उठाए गए तो यह स्थिति न केवल क्षेत्रीय शांति के लिए खतरा बनेगी, बल्कि भारत की अंतरराष्ट्रीय साख और नैतिक नेतृत्व पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न लगाएगी।

धरना-प्रदर्शन में आम आदमी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष जगतपाल शाक्य, किसान प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष सच्चिदानंद वर्मा, जिला उपाध्यक्ष जगदीश यादव, जिला सचिव ऋषि पाल यादव उर्फ जर्मन, जिला उपाध्यक्ष सोनू कुशवाह, आईटी सेल प्रभारी अंकित शाक्य, युवा जिला अध्यक्ष राघवेंद्र यादव, छात्र विंग अध्यक्ष रवि शर्मा, अश्वनी सिंह, कमलेश कुमार, राजेंद्र सिंह ठाकुर, अभिषेक वाल्मीकि सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और केंद्र सरकार के मौन पर गंभीर चिंता व्यक्त की।