Saturday, 03 October 2026 | 6:33 AM
उत्तर प्रदेश

मैनपुरी में किसानों का धरना 16वें दिन भी जारी, डीएम से वार्ता रही बेनतीजा

समान सर्किल रेट पर मुआवजे की मांग को लेकर नवीगंज टोल प्लाजा के पास डटे किसान, बोले- मांग पूरी होने तक जारी रहेगा आंदोलन
Share:
मैनपुरी में किसानों का धरना 16वें दिन भी जारी, डीएम से वार्ता रही बेनतीजा
Read in your preferred language.

बेवर: फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेस-वे के लिए अधिग्रहीत भूमि का समान सर्किल रेट के आधार पर मुआवजा दिए जाने की मांग को लेकर किसानों का अनिश्चितकालीन धरना मंगलवार को 16वें दिन भी जारी रहा। नवीगंज टोल प्लाजा के पास चल रहे धरने के बीच मंगलवार शाम किसान प्रतिनिधिमंडल और जिलाधिकारी मैनपुरी के बीच हुई वार्ता भी बेनतीजा रही। किसान प्रतिनिधिमंडल ने वार्ता के बाद धरना स्थल पर पहुंचकर आंदोलनरत किसानों को बातचीत की जानकारी दी। प्रतिनिधिमंडल के मुताबिक, जिलाधिकारी की ओर से किसानों की मांग को लेकर कोई संतोषजनक समाधान सामने नहीं आया। इसके बाद किसानों ने आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया।

मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान

धरना स्थल पर किसानों ने एकजुटता दिखाते हुए स्पष्ट किया कि जब तक उन्हें समान सर्किल रेट के आधार पर मुआवजा नहीं मिलता, तब तक अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा। किसानों का कहना है कि उनकी मांग लंबे समय से लंबित है और अब वे किसी ठोस समाधान के बिना आंदोलन समाप्त नहीं करेंगे।

किसान नेताओं ने कहा कि आंदोलन शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से जारी रखा जाएगा। धरना स्थल पर जिलाध्यक्ष मुकेश यादव, इंद्रपाल सिंह, विनोद सविता, मंसूरी और जिला प्रवक्ता गोविंद सिंह ने किसानों को संबोधित किया।

जिला प्रवक्ता गोविंद सिंह समेत अन्य वक्ताओं ने कहा कि समान सर्किल रेट के आधार पर मुआवजा किसानों का अधिकार है और इस मांग को लेकर संघर्ष जारी रहेगा।

‘अब लड़ाई आर-पार की होगी’

ब्लॉक अध्यक्ष बेवर संतोष कुमार ने कहा कि किसानों की मांग जायज है और आंदोलन अब निर्णायक दौर में पहुंच गया है। उन्होंने कहा, “अब लड़ाई आर-पार की होगी। जब तक किसानों को समान सर्किल रेट के आधार पर न्याय नहीं मिलता, आंदोलन जारी रहेगा।”

किसानों ने कहा कि जिलाधिकारी के साथ वार्ता में कोई ठोस समाधान नहीं निकलने के बाद उनका आंदोलन और मजबूती से जारी रहेगा। धरना स्थल पर मौजूद किसानों ने प्रशासन से उनकी मांग पर गंभीरता से विचार कर समाधान निकालने की मांग की।

फर्रुखाबाद किसान संगठन ने भी दिया समर्थन

बुधवार को फर्रुखाबाद किसान संगठन के सुग्रीव पाल मंसूरी और उनके साथियों ने भी नवीगंज टोल प्लाजा के पास पहुंचकर किसानों के आंदोलन को समर्थन दिया। इससे धरना दे रहे किसानों का उत्साह बढ़ा।

धरना स्थल पर अरविंद कुमार, अखिलेश कुमार, विजय पाल, नाहर सिंह, बलराम सिंह यादव, सत्येंद्र कुमार, श्रीकृष्ण, सिरोही लाल, उमेश चंद, विनोद कुमार, सुधीर पाल, वीरपाल, मनीष, त्रिदेव, अशोक कुमार, बदन सिंह, चरण सिंह, बंशीलाल, प्रदीप कुमार, नितिन, मदन सिंह पाल, राजेंद्र, दीवान सिंह, बालेश्वर, गोविंद यादव जिला प्रवक्ता सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

किसानों ने दोहराया कि समान सर्किल रेट और उचित मुआवजे की मांग पूरी होने तक नवीगंज टोल प्लाजा के पास उनका अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।