फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 मई 2026 कृषि विभाग के भूमि संरक्षण अनुभाग द्वारा राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के अंतर्गत “पर ड्रॉप मोर क्रॉप” घटक के तहत वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने के लिए महत्वाकांक्षी खेत तालाब योजना संचालित की गई है। योजना का उद्देश्य किसानों को सिंचाई के लिए जल संरक्षण उपलब्ध कराना, भूगर्भ जल स्तर बढ़ाना और कृषि आय में वृद्धि करना है।वर्ष 2026-27 के लिए जनपद फर्रुखाबाद में कुल 11 खेत तालाब निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इनमें 08 तालाब सामान्य वर्ग तथा 03 तालाब अनुसूचित जाति वर्ग के किसानों के लिए निर्धारित किए गए हैं।योजना के तहत खेत तालाब का मानक आकार 22 मीटर लंबा, 20 मीटर चौड़ा और 3 मीटर गहरा रखा गया है। इसकी कुल लागत लगभग ₹1.05 लाख निर्धारित की गई है। सरकार द्वारा किसानों को कुल लागत का 50 प्रतिशत यानी ₹52,500 का अनुदान दो किस्तों में दिया जाएगा। पहली किस्त ₹39,375 तालाब की खुदाई और कच्चा कार्य पूरा होने पर तथा दूसरी किस्त ₹13,125 पक्का इनलेट एवं डिस्प्ले बोर्ड बनने के बाद डीबीटी के माध्यम से सीधे किसान के बैंक खाते में भेजी जाएगी। शेष राशि किसान को स्वयं वहन करनी होगी।योजना का लाभ लेने वाले किसानों के लिए 90 प्रतिशत अनुदान पर सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली, स्प्रिंकलर सेट या ड्रिप इरिगेशन सिस्टम लगवाना अनिवार्य किया गया है। साथ ही फार्मर रजिस्ट्री भी आवश्यक होगी। जिन किसानों ने पहले से सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली लगवा रखी है, उन्हें दोबारा इसे लगवाने की जरूरत नहीं होगी।इसके अतिरिक्त लाभार्थी किसानों को वाटर लिफ्टिंग डिवाइस या पम्पसेट (इलेक्ट्रिक/डीजल) लगवाने पर 50 प्रतिशत अनुदान, अधिकतम ₹15,000 तक देने का प्रावधान भी किया गया है।इच्छुक किसान कृषि विभाग की वेबसाइट agridarshan.up.gov.in� पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। खेत तालाब का चयन “प्रथम आवक-प्रथम पावक” के आधार पर किया जाएगा। किसानों को ₹1000 की टोकन मनी ऑनलाइन जमा करनी होगी, जिसके बाद खतौनी, फोटो, शपथ पत्र, बैंक पासबुक सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज पोर्टल पर अपलोड करने होंगे।भूमि संरक्षण इकाई की तकनीकी टीम 15 दिनों के भीतर स्थल सत्यापन करेगी। सत्यापन के बाद किसानों को 30 दिनों के अंदर अपनी निजी भूमि पर मशीन द्वारा तालाब खुदाई का कार्य पूरा कराना होगा। किसान निर्धारित आकार से बड़ा तालाब भी खुदवा सकते हैं, लेकिन अनुदान की अधिकतम सीमा ₹52,500 ही रहेगी।कृषि विभाग के अनुसार खेत तालाब योजना के माध्यम से किसान वर्षा जल संचयन कर सिंचाई सुविधा मजबूत कर सकेंगे। साथ ही मत्स्य पालन, मोती पालन, सिंघाड़ा और मखाना जैसी जलीय खेती अपनाकर अतिरिक्त आय अर्जित कर सकेंगे। इससे गांवों में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और किसानों के पलायन पर भी रोक लगेगी।योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए किसान भूमि संरक्षण अधिकारी, फर्रुखाबाद अथवा मोबाइल नंबर 8475065842 पर संपर्क कर सकते हैं।
फर्रुखाबाद में खेत तालाब योजना शुरू, किसानों को मिलेगा ₹52,500 तक अनुदान
