2025 में इन 5 TV स्टार्स की मौत से टूटे फैंस

साल 2025 बॉलीवुड और टीवी इंडस्ट्री के लिए बहुत दुख और दर्द भरा रहा। कई नामी हस्तियां इस दुनिया को अलविदा कह गईं, जिनमें धर्मेंद्र से लेकर सतीश शाह और शेफाली जरीवाला तक का नाम शामिल है। यहां टीवी इंडस्ट्री के उन सितारों के बारे में बता रहे हैं, जो साल 2025 में इस दुनिया को अलविदा कह गए और फैंस को रोता-बिलखता छोड़ गए। किसी की कार्डियक अरेस्ट ने जान ली, तो कोई कई साल से कैंसर से जूझ रहा था और उसके आगे हिम्मत हार गया। साल 2025 जा रहा है, पर इन सितारों को कभी कोई नहीं भुला पाएगा।

—पॉपुलर टीवी एक्ट्रेस शेफाली जरीवाला की मौत से हर कोई सन्न रह गया था। जून 2025 में उनकी कार्डियक अरेस्ट से मौत हो गई। ‘कांटा लगा’ गाने से रातोंरात स्टार बनीं शेफाली ने 42 साल की उम्र में आखिरी सांस ली थी। उन्होंने कई म्यूजिक वीडियोज किए थे और ‘बिग बॉस 13’ में भी नजर आई थीं। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए कई लोगों के बयान दर्ज किए थे। शेफाली के पति का भी बयान दर्ज किया गया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, शेफाली को मुंबई के अंधेरी स्थित बेलेव्यू अस्पताल बेहोशी की हालत में ले जाया गया था। वहीं, डॉक्टरों ने बताया था कि शेफाली को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था।

—पॉपुलर टीवी एक्ट्रेस प्रिया मराठे का अगस्त 2025 में कैंसर से निधन हो गया था। उन्होंने ‘पवित्र रिश्ता’, ‘कसम से’ और ‘उतरन’ जैसे पॉपुलर टीवी शोज में काम किया था। प्रिया मराठे 38 साल की थीं और बेहद कम उम्र में चल बसीं। कई साल से उनका कैंसर का इलाज चल रहा था। प्रिया इससे उबरने भी लगी थीं, पर अचानक ही उनकी मौत हो गई थी।

—उस वक्त भी फैंस को तगड़ा झटका लगा, जब ‘महाभारत’ में दानवीर कर्ण का किरदार निभाने वाले एक्टर पंकज धीर साल 2025 में चल बसे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह कैंसर से जूझ रहे थे, और 15 अक्टूबर को आखिरी सांस ली। पंकज धीर ने कई फिल्मों में भी काम किया था, पर पॉपुलैरिटी बीआर चोपड़ा के ‘महाभारत’ से मिली थी।

—पंकज धीर के निधन के कुछ दिन बाद ही ‘साराभाई वर्सेस साराभाई’ फेम सतीश शाह गुजर गए थे। उनका 25 अक्टूबर 2025 को निधन हो गया था। सतीश शाह का निधन किडनी फेल होने की वजह से हुआ। वह 74 साल के थे। सतीश शाह ने सिर्फ टीवी शोज ही नहीं बल्कि दर्जनों फिल्मों में भी काम किया था और अपनी अलग पहचान बनाई थी।

—टीवी इंडस्ट्री के दिग्गज एक्टर राकेश पांडे भी साल 2025 में अलविदा कह गए। उन्होंने ‘छोटी बहू’, ‘दहलीज’, ‘प्यार के दो नाम: एक राधा, एक श्याम’, ‘शक्तिमान, ‘देवी’ और ‘सांस’ जैसे कई टीवी सीरियलों में काम किया था। उन्होंने ढेरों फिल्मों में भी यादगार किरदार निभाए। साथ ही भोजपुरी फिल्में भी कीं। राकेश पांडे का 21 मार्च 2025 को कार्डियक अरेस्ट से निधन हो गया था। वह 84 साल के थे और मुंबई के आरोग्य निधि अस्पताल में आखिरी सांस ली।