फर्रुखाबाद में आबकारी विभाग की सख्ती: अमृतपुर, पिथनापुर समेत कई शराब दुकानों का औचक निरीक्षण, नियमों के पालन के दिए निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 15 जुलाई 2026 जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से आबकारी विभाग का प्रवर्तन अभियान लगातार जारी है। आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश के आदेश तथा जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी जी.पी. गुप्ता के नेतृत्व में बुधवार को विभिन्न शराब दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया।

इस अभियान के तहत आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-3 रीता वर्मा ने अपनी टीम के साथ अमृतपुर, पिथनापुर तथा रतनपुर पामरान स्थित कम्पोजिट एवं देशी मदिरा दुकानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दुकानों के स्टॉक रजिस्टर, ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता का गहन परीक्षण किया गया।

आबकारी विभाग की टीम ने दुकानों पर उपलब्ध मदिरा के स्टॉक का अभिलेखों से मिलान किया और अनुज्ञापियों को सभी रिकॉर्ड अद्यतन रखने तथा शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि किसी भी दुकान पर अनियमितता या नियमों का उल्लंघन पाया गया तो संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी बनाए रखने और अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन के विरुद्ध प्रभावी अभियान निरंतर जारी रखने के निर्देश भी दिए गए।

आबकारी विभाग ने कहा कि जनपद में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी नियमित रूप से औचक निरीक्षण और प्रवर्तन कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Comment