Friday, 30 October 2026 | 5:48 PM
उत्तर प्रदेश

एटा- सम्यक पार्टी का लक्ष्य है भारतीय राजनीति को लोकतांत्रिक बनाना: प्रो. राम सिंह

Share:
 एटा- सम्यक पार्टी का लक्ष्य है भारतीय राजनीति को लोकतांत्रिक बनाना: प्रो. राम सिंह
 एटा:  सम्यक पार्टी के “गांव की ओर चलो” अभियान के अंतर्गत मंगलवार को जिरसमी ग्राम में पार्टी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) प्रो. राम सिंह और जिला सचिव गौरव कुशवाह ने लोकतांत्रिक राजनीति, संगठन के स्वरूप तथा जनसरोकारों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रो. राम सिंह ने कहा कि सम्यक पार्टी का उद्देश्य भारतीय राजनीति में लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि राजनीति का उद्देश्य केवल सत्ता प्राप्त करना या चुनाव लड़ना नहीं होना चाहिए, बल्कि जनता की समस्याओं को राजनीतिक विमर्श के केंद्र में रखते हुए लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करना भी होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, समता, समानता, भ्रातृत्व और कानून का शासन लोकतांत्रिक समाज की बुनियादी आवश्यकताएं हैं। इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच निरंतर संवाद और भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि राजनीति में व्यक्तिवाद, परिवारवाद, जातिवाद, क्षेत्रवाद और सामंती प्रवृत्तियों के बजाय लोकतांत्रिक संगठन और सामूहिक नेतृत्व को महत्व दिया जाना चाहिए।

प्रो. राम सिंह ने कहा कि सम्यक पार्टी स्वयं को “पूर्ण लोकतांत्रिक पार्टी” के रूप में विकसित करने की दिशा में काम कर रही है। पार्टी के संगठनात्मक ढांचे में लोकतांत्रिक प्रक्रिया और विचारधारा में लोकतांत्रिक मूल्यों को प्रमुख स्थान दिया गया है। उन्होंने ग्रामीणों से गांव-गांव तक लोकतांत्रिक विचारों और जनहित के मुद्दों पर संवाद स्थापित करने का आह्वान किया।

बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सामाजिक समानता जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ। उपस्थित ग्रामवासियों ने पार्टी की गतिविधियों और संगठन के विस्तार में सहयोग करने की बात कही।

बैठक में अनिल कुशवाह, कुशल कांत, रामचंद्र, अंकुर कुशवाह, अभिषेक, प्रेम सिंह, लक्ष्मी सिंह, मानवेन्द्र, आकाश, ललित, रौनक, चांदनी, मनीष, सचिन, अंकित, उदयवीर, मदन सहित अन्य ग्रामवासी उपस्थित रहे। अंत में जिला सचिव गौरव कुशवाह ने सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।