फर्रुखाबाद में सम्राट अशोक जयंती, कांशीराम जयंती व वीरांगना अवंतीबाई लोधी की पुण्यतिथि एक मंच पर मनाई गई

फर्रुखाबाद (द दस्तक 24 न्यूज़) 15 मार्च 2026 चन्द्राणा सेना संगठन के बैनर तले ग्राम रतनपुर परमान में चक्रवर्ती सम्राट अशोक महान की जयंती, मान्यवर कांशीराम की जयंती तथा वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी की पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ एक मंच पर मनाई गई। कार्यक्रम का नेतृत्व संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बुद्धदेव शिवाजी राव उर्फ लालू कुशवाहा ने किया। कार्यक्रम में समाज के अनेक गणमान्य लोग, पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक सुशील शाक्य रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में विकास राजपूत उपस्थित रहे। इस अवसर पर अवनीश शाक्य, आशाराम राजपूत, आदेश, सतीश कुशवाहा, अवनीश राजपूत, राहुल कुशवाहा, राजेश राठौर, प्रदीप कुशवाहा, अरुण प्रताप सहित चन्द्राणा सेना संगठन के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने चक्रवर्ती सम्राट अशोक महान के जीवन, उनके न्यायप्रिय शासन और बौद्ध धम्म के प्रचार-प्रसार पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही मान्यवर कांशीराम साहब के सामाजिक आंदोलन, बहुजन समाज को संगठित करने के प्रयासों और उनके संघर्षपूर्ण जीवन को भी याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि कांशीराम ने समाज में न्याय, समानता और बहुजन समाज के अधिकारों के लिए जीवनभर संघर्ष किया और सामाजिक जागरूकता की नई धारा स्थापित की।

इसके साथ ही वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी के अदम्य साहस, देशभक्ति और अंग्रेजों के खिलाफ उनके वीरतापूर्ण संघर्ष को भी याद करते हुए उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। वक्ताओं ने कहा कि इन महान विभूतियों का जीवन त्याग, साहस और समाज सेवा का प्रतीक है।

मुख्य अतिथि विधायक सुशील शाक्य ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजन समाज को अपने गौरवशाली इतिहास से जोड़ते हैं और नई पीढ़ी को महान व्यक्तित्वों के आदर्शों पर चलने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि सम्राट अशोक द्वारा दिया गया शांति और मानवता का संदेश आज भी पूरे विश्व के लिए मार्गदर्शक है, वहीं कांशीराम का सामाजिक आंदोलन बहुजन समाज के अधिकारों की लड़ाई का मजबूत आधार है।

कार्यक्रम के अंत में चन्द्राणा सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष बुद्धदेव शिवाजी राव उर्फ लालू कुशवाहा ने सभी अतिथियों, कार्यकर्ताओं और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन महान विभूतियों के विचार समाज को एकजुट होकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने सभी से उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।

Leave a Comment