आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा हाईकोर्ट में पेश न होने के मामले में अब सियासत भी तेज हो गयी है. अरविंद केजरीवाल ने जज की निष्पक्षता को लेकर संदेह जाहिर किया था, अब इस मामले में पार्टी नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने केजरीवाल के सत्याग्रह का समर्थन किया है.
उन्होंने भी अरविंद केजरीवाल की उस मांग का समर्थन किया जिसमें जज को इस केस से हटाने की मांग की गयी थी. इसको लेकर उन्होंने लंबी-चौड़ी दलील दी है. जिसमें उनके बच्चों की इंटर्नशिप और आरएसएस से संबंध को लेकर टिप्पणी की है. आप नेता संजय सिंह ने अरविंद केजरीवाल के कोर्ट सत्याग्रह के सवाल पर कहा कि कुछ कारण अदालत में स्वयं अरविंद केजरीवाल ने रखा था कि स्वर्णकान्ता जी को क्यों इस मामले में सुनवाई नहीं करनी चाहिए. कारण- एक जस्टिस स्वर्णकान्ता जी आरएसएस के कार्यक्रम में चार बार जा चुकी हैं. इन्होंने कहा कि तुषार मेहता उनके बच्चों को केस एलाट करते हैं, सरकारी वकील के तौर पर जस्टिस स्वर्णकान्ता जी ने छः बार एक्साइज पालिसी मामले में हमारे खिलाफ फैसला दिया है. जिन्हें बाद में सुप्रीम कोर्ट ने बदला है.
संजय सिंह ने कहा कि सतेंद्र जैन मामले में जब निचली अदालत में सुनवाई हो रही थी. लगभग पूरी होने वाली थी उस समय ईडी जस्टिस स्वर्णकान्ता के पास पहुंचती हैं, तब कहती है निचली अदालत के जज पर भरोसा नहीं है. उन्होंने तुरंत निचली अदालत का जज बदल दिया. इन्होंने कहा कि हमारी आशंका है कि आप बायस्ड होकर काम करेंगी, तो इसका कानूनी अधिकार सबको भारत में है कि याचिकर्ता मांग कर सकता है तर्क देकर कि जज को मामले से अलग कर लेना चाहिए.
