गया:(द दस्तक 24) 22 अक्टूबर। जिलाधिकारी श्री शशांक शुभंकार ने आज समाहरणालय में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए लगभग 50 से अधिक आमजनों की समस्याएँ सुनीं गयी। जिसमें कई समस्याओं का समाधान तुरंत कर दिया गया।
प्रशासन द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार भूमि विवाद, आवास योजना, स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी शिकायतें, पेंशन योजना, मुआवजा, आरटीपीएस, शिक्षा विभाग से संबंधित विषयों समेत अन्य मामलों को लोगों ने जिलाधिकारी के समक्ष रखा।
गया शहर के मगध मेडिकल कॉलेज थाना क्षेत्र अंतर्गत मगध कॉलोनी रोड के निवासी श्री मनोज प्रसाद ने अपने दोनों भाइयों पर बिना नक्शा पास कराए मकान निर्माण कराने तथा इस कार्य में स्थानीय पुलिस एवं नगर निगम के अमीन की कथित संलिप्तता का आरोप लगाते हुए जिला पदाधिकारी, गया से उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है, जिसपर जिलाधिकारी महोदय ने नगर आयुक्त, गया नगर निगम, गया जी को मामले की जांच करते हुए कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
आवेदिका पूनम कुमारी द्वारा गया हवाई अड्डा विस्तार परियोजना (कैट-1 लाइट अधिष्ठापन) के तहत भूमि अधिग्रहण में गंभीर अनियमितताओं को लेकर जिला पदाधिकारी, गया को आपत्ति आवेदन सौंपा गया, जिसपर जिलाधिकारी ने जिला भू अर्जन पदाधिकारी, गया को मामले की गंभीरतापूर्वक जांच करते हुए नियमानुसार कार्रवाई करने का निदेश दिया।
ज़िला पदाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों को संबंधित प्रकरणों का त्वरित एवं निष्पक्ष निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकता है और सभी विभागीय पदाधिकारी इस दिशा में गंभीरता से कार्य करें।