फर्रुखाबाद में विकास कार्यों व कानून व्यवस्था की समीक्षा, मंत्री जयवीर सिंह ने लाभार्थियों को बांटे उपकरण व प्रमाण पत्र

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 10 जनवरी 2026 उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के माननीय मंत्री एवं जनपद फर्रुखाबाद के प्रभारी मंत्री श्री जयवीर सिंह ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में जनपद के विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक की। बैठक से पूर्व माननीय मंत्री द्वारा विभिन्न विभागीय योजनाओं के अंतर्गत चयनित लाभार्थियों को लाभ वितरित किए गए।

कार्यक्रम के शुभारंभ पर कृषि विभाग के अंतर्गत सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन योजना के तहत दो लाभार्थियों को रोटावेटर तथा एक लाभार्थी को ट्रैक्टर की चाबी सौंपी गई। इसके उपरांत पांच दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर एवं पांच को हीयरिंग किट प्रदान की गई। इसके बाद 20 जरूरतमंदों को कंबल वितरण किया गया।

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों को 7 करोड़ 9 लाख 50 हजार रुपये की धनराशि का चेक वितरित किया गया। वहीं उद्यान विभाग की एकीकृत बागवानी विकास मिशन/एससीपी राज्य सेक्टर योजना के तहत 10 लाभार्थियों को संकर शाकभाजी बीज वितरित किए गए।

कृषि विभाग की सोलर पंप योजना में चयनित पांच लाभार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को आवास की चाबियां सौंपी गईं।

उद्योग विभाग की योजनाओं के अंतर्गत मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत दो लाभार्थियों को चेक, एक जनपद एक उत्पाद योजना के एक लाभार्थी को चेक तथा मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के अंतर्गत एक लाभार्थी को चेक प्रदान किया गया।

इसके अतिरिक्त पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की शादी अनुदान योजना, समाज कल्याण विभाग की राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना तथा श्रम विभाग की मातृत्व शिशु बालिका मदद योजना के अंतर्गत कुल 15 लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

इसके पश्चात माननीय मंत्री ने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की। एनएचएआई के जेई द्वारा बताया गया कि बेबर–फर्रुखाबाद रोड के गड्ढे भर दिए गए हैं, पुलियों के ज्वाइंट ठीक कर दिए गए हैं तथा रेलिंग ड्राइंग के अनुरूप लगाई गई है।

विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान विधायक अमृतपुर द्वारा खराब ट्रांसफार्मरों को समय से न बदले जाने की शिकायत पर माननीय मंत्री ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

छात्रवृत्ति योजनाओं की खराब रैंकिंग पर अल्पसंख्यक, पिछड़ा वर्ग एवं समाज कल्याण विभाग को फटकार लगाते हुए जिलाधिकारी को विशेष समीक्षा के निर्देश दिए गए।

माननीय मंत्री ने एनआरएलएम समूहों की महिलाओं को उत्तर प्रदेश महोत्सव में भागीदारी सुनिश्चित कराने, प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि, 102 एंबुलेंस सेवा, स्वच्छ भारत मिशन सहित अन्य योजनाओं की रैंकिंग सुधारने तथा जल जीवन मिशन के कार्यों की गुणवत्ता की स्थलीय जांच कराने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव, विधायक अमृतपुर सुशील शाक्य, विधायक भोजपुर नागेंद्र सिंह राठौर, विधायक सदर मेजर सुनील दत्त द्विवेदी, जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।