आईपीएल से पहले चेन्नई को लगा तगड़ा झटका, नाथन एलिस चोट के कारण बाहर हुए

आईपीएल 2026 की शुरुआत में अब ज्यादा वक्त नहीं बचा है। टूर्नामेंट के 19वें संस्करण का आगाज 28 मार्च से होना है। इससे पहले पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को तगड़ा झटका लगा है। दरअसल, ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज नाथन एलिस चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। समाचार एजेंसी पीटीआई ने सीएसके के एक अधिकारी के हवाले से बताया कि एलिस चोट की वजह से टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। उन्होंने कहा, ‘हां वह बाहर हो गए हैं। हमने अभी तक उनके रिप्लेसमेंट पर फैसला नहीं किया है।’ मथीषा पथिराना की गैरमौजूदगी में एलिस से उम्मीद थी कि वह चेन्नई के तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई करेंगे। हालांकि, अब वह भी बाहर हो गए हैं। एलिस ने आईपीएल में अब तक 17 मैचों में 19 विकेट लिए हैं। उन्हें 2025 के मेगा ऑक्शन में 2 करोड़ रुपये में खरीदा गया था और 2026 सीजन से पहले रिटेन भी किया गया था। इससे पहले वह चार सीजन तक पंजाब किंग्स का हिस्सा रहे थे। अब तक सीएसके ने उनके रिप्लेसमेंट की घोषणा नहीं की है।

Leave a Comment