बॉर्डर 2 के गाने ‘घर कब आओगे’ ने तोड़ डाले सारे रिकॉर्ड

संदेशे आते हैं, हमें तड़पाते हैं जो चिट्ठी आती है, वो पूछे जाती है कि घर कब आओगे… साल 2026 की शुरुआत 28 साल पुरानी एक ऐसी याद से हुई है, जो कानों में मिस्री की तरह घुल रही है। देश के हर इंसान का दिल मानो जैसे पुरानी यादों में खो गया है। शुक्रवार शाम को रिलीज ‘बॉर्डर 2’ के गाने ‘घर कब आओगे’ की इंटरनेट पर धूम मची है। जेपी दत्त की 1997 में रिलीज फिल्‍म ‘बॉर्डर’ के गाने को सीक्‍वल फिल्‍म में रीक्रिएट किया गया है। कहना होगा कि यह रीक्रिएशन ऐसा है जिसकी पहली धुन सुनते ही रोम-रोम भावुक हो जाता है। यही कारण है कि यह गाना रिलीज के कुछ ही घंटों में यूट्यूब पर ना सिर्फ टॉप ट्रेंड हो रहा है, बल्‍क‍ि इसने पुराने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।

आत्मा को छू लेने वाली धुन, देशभक्ति की भावना और एक सवाल – घर कब आओगे? ‘बॉर्डर 2’ के इस गाने को मिला रेस्पॉन्स वाकई अभूतपूर्व है। ‘टी सीरीज’ के यूट्यूब चैनल पर इस गाने के म्यूजिक वीडियो को खबर लिखे जाने तक 24 घंटे में 20 मिलियन से अधिक बार देखा जा चुका है। इसे 5.43 लाख से अध‍िक लाइक्‍स मिल चुके हैं, जबकि 29 हजार 596 कॉमेंट्स आ चुके हैं। हर कोई तारीफ कर रहा है।