फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 27 अप्रैल 2026 प्रदेश सरकार द्वारा संचालित “एक जनपद-एक उत्पाद” (ODOP) वित्त पोषण कार्यक्रम के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 में जनपद के पारंपरिक उद्योगों—ब्लॉक प्रिंटिंग (वस्त्र छपाई) एवं जरी-जरदोजी—को प्रोत्साहन देने के लिए विशेष योजना लागू की गई है। इस योजना के तहत राष्ट्रीयकृत बैंकों, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों एवं अन्य अनुसूचित बैंकों के माध्यम से उद्यमियों को ऋण उपलब्ध कराया जाएगा।योजना के अंतर्गत कुल परियोजना लागत का 10 से 25 प्रतिशत तक, अधिकतम 20 लाख रुपये तक का अनुदान (मार्जिन मनी) दिया जाएगा। सामान्य वर्ग के पुरुष आवेदकों को परियोजना लागत का 10 प्रतिशत तथा अन्य श्रेणियों के आवेदकों को 5 प्रतिशत स्वयं का अंशदान जमा करना अनिवार्य होगा।पात्रता की प्रमुख शर्तें: आवेदक उत्तर प्रदेश का मूल निवासी होना चाहिए और उसकी आयु कम से कम 18 वर्ष हो। इस योजना के लिए किसी विशेष शैक्षिक योग्यता की आवश्यकता नहीं रखी गई है। आवेदक किसी भी बैंक या वित्तीय संस्था का डिफॉल्टर नहीं होना चाहिए। साथ ही, वह पूर्व में प्रधानमंत्री रोजगार योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री रोजगार योजना या किसी अन्य स्वरोजगार योजना का लाभ न ले चुका हो। एक परिवार से केवल एक ही सदस्य को इस योजना का लाभ दिया जाएगा।यह योजना केवल ODOP उत्पादों—ब्लॉक प्रिंटिंग एवं जरी-जरदोजी—से संबंधित उद्योग, सेवा एवं व्यवसाय इकाइयों के लिए लागू होगी।इच्छुक अभ्यर्थी केवल ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए आधिकारिक वेबसाइट https://niveshmitra.up.nic.in� पर जाकर प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। अधिक जानकारी के लिए किसी भी कार्य दिवस में जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र, ठंडी सड़क, फर्रुखाबाद में संपर्क किया जा सकता है।यह योजना स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों के लिए रोजगार के नए अवसर खोलने के साथ-साथ जनपद के पारंपरिक उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
फर्रुखाबाद में “एक जनपद-एक उत्पाद” योजना के तहत ब्लॉक प्रिंटिंग व जरी-जरदोजी को मिलेगा वित्तीय बढ़ावा
