बिहार चुनाव 2025: महागठबंधन में सबसे अधिक VIP को घाटा!

महागठबंधन में संभावना है कि मंगलवार (14 अक्टूबर, 2025) को सीट शेयरिंग का ऐलान हो जाए. माना जा रहा है कि महागठबंधन में शामिल दलों से लगभग बात पूरी हो गई है. हालांकि मुकेश सहनी को बड़ा घाटा हो रहा है. वह इसलिए कि जिस हिसाब से वे 60 सीटों की बात कर रहे थे उसका आधा भी उन्हें नहीं मिल रहा है. सूत्रों की मानें तो विकासशील इंसान पार्टी को 15 सीट से ज्यादा देने पर विचार नहीं हो रहा है.

सूत्रों की मानें तो तेजस्वी यादव के साथ कांग्रेस की 60 सीटों पर बात हुई है. यानी कांग्रेस और आरजेडी के बीच अब कोई दिक्कत नहीं है. अब खासतौर पर वीआईपी के मुकेश सहनी से आरजेडी की बातचीत जारी है. लेफ्ट के दलों को 30 सीटें मिल सकती हैं. वीआईपी के लिए 15 सीट तो वहीं जेएमएम को दो और IIP को एक सीट देने पर विचार हुआ है. खुद आरजेडी 135 सीटों पर लड़ेगी.

दूसरी ओर सवाल है कि अगर मुकेश सहनी को 15 से अधिक सीटें नहीं दी जाती हैं तो क्या वे तैयार होंगे या फिर 2020 के विधानसभा चुनाव की तरह फिर से अचानक एनडीए के साथ चले जाएंगे? इस तरह के सवालों की चर्चा सियासी गलियारे में शुरू हो गई है. हालांकि एनडीए गठबंधन में सीटों का बंटवारा हो गया है. बीजेपी और जेडीयू 101-101 सीट पर लड़ेगी. वहीं चिराग की पार्टी को 29 सीटें दी गई हैं. जीतन राम मांझी की पार्टी हम और उपेंद्र कुशवाहा को छह सीटें मिली हैं. सवाल है कि अगर मुकेश सहनी एनडीए में आते हैं कौन सा दल सीटों का त्याग करेगा? यहां बता दें कि एनडीए में सीट बंटवारे का ऐलान हो गया है लेकिन साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस जो सोमवार को पटना में होनी थी वह नहीं हुई है. किसी कारण पीसी टल गई. यानी एनडीए में भी सीटों को लेकर खींचतान जारी है.