बिहार चुनाव 2020: आधी आबादी की जोरदार भागीदारी, पिछली बार से ढाई गुना महिला प्रत्याशी

भेाजपुर जिले के सात विधानसभा क्षेत्रों से इस बार 13 महिला प्रत्याशी मैदान में हैं। महिला प्रत्याशियों की यह संख्या इस बार पिछले चुनाव से करीब ढाई गुना अधिक है। प्रमुख राजनीतिक दलों ने भी इस बार महिलाओं को टिकट दिया है। जदयू, भाजपा, राजद व लोजपा ने एक-एक सीट पर महिला उम्मीदवार को उतारा है। जिले की सातों विधानसभा सीटों से कुल 98 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

इनमें से 13 महिला प्रत्याशी हैं। संदेश से राजद ने एक मामले में फरार चल रहे विधायक अरुण यादव की पत्नी किरण देवी को मैदान में उतारा है। भाजपा ने शाहपुर से इस बार पूर्व विधायक मुन्नी देवी को प्रत्याशी बनाया है तो जदयू ने जगदीशपुर से मुखिया सुषुमलता पर दांव खेला है। वहीं संदेश विधानसभा क्षेत्र से ही लोजपा ने सकड्डी की मुखिया श्वेता सिंह को टिकट दिया है। वहीं कई महिला उम्मीदवार निर्दलीय व छोटे दल के बैनर तले मैदान में हैं। महिला प्रत्याशी भी जूरे जोश के साथ मैदान में डटी हैं।

सबसे अधिक शाहपुर में तीन महिला प्रत्याशी
सबसे अधिक तीन महिला प्रत्याशी शाहपुर विधासभा क्षेत्र में हैं। शाहपुर विस में भाजपा से मुन्नी देवी के खिलाफ उनकी जेठानी शोभा देवी ने ही जंग छेड़ दी है। इन दोनों के अलावा यहां एक और महिला प्रत्याशी हैं। वहीं संदेश, बड़हरा, आरा व अगिआंव विधानसभा क्षेत्र से दो-दो महिला प्रत्याशी हैं। तरारी व जगदीशपुर से एक-एक महिला प्रत्याशी चुनावी रण में किस्मत आजमा रही हैं। आरा विस क्षेत्र से निर्दलीय महिला प्रत्याशी शबाना समेत एक अन्य महिला उम्मीदवार हैं।

पांच महिलाएं ही विधानसभा पहुंच सकी हैं अब तक
जिले के 63 साल के लंबे राजनीतिक सफर में महज पांच महिलाएं ही विधानसभा की दहलीज तक पहुंच पायी हैं। 16 विधानसभा चुनाव में सदन तक के सफर में पुरुषों की तुलना में भोजपुर में महिलाओं की भागीदारी महज 8 फीसदी है। भोजपुर के सात विधानसभा क्षेत्रों से जहां अब तक मात्र पांच महिलाएं ही सदन तक पहुंची हैं, वहीं 59 पुरुषों ने विधानसभा का सफर तय किया है।

संदेश विस क्षेत्र से आज तक नहीं जीती कोई महिला
जिले में सात विधानसभा क्षेत्र हैं। वर्तमान में संदेश, बड़हरा, आरा, अगिआंव, तरारी, जगदीशपुर व शाहपुर है। परिसिमन के बाद दो विधानसभा क्षेत्रों का नाम बदल गया। पीरो बदलकर तरारी व सहार बदलकर अगिआंव हो गया। जिले के सभी छह विधान सभा क्षेत्र से महिलाओं ने प्रतिनिधित्व किया, लेकिन संदेश एक ऐसा विधान सभा क्षेत्र है जहां से आज तक सदन में महिलाओं को प्रतिनिधित्व का मौका नहीं मिला।

इस बार कहां से कितनी महिला प्रत्याशी
विस क्षेत्र महिला प्रत्याशी
शाहपुर 03
संदेश 02
बड़हरा 02
आरा 02
अगिआंव 02
तरारी 01
जगदीशपुर 01