फर्रुखाबाद में नकली कृषि रसायन का बड़ा भंडाफोड़, 25 लाख से अधिक का माल सीज

 
फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 06 मई 2026 जनपद में नकली कृषि रसायनों के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत प्रशासन को बड़ी सफलता मिली है। पपियापुर सेन्ट्रल जेल, सातनपुर मंडी रोड स्थित मेसर्स किसान एजेन्सीज पर छापेमारी के दौरान संदिग्ध बीज शोधक रसायन ‘इलेक्ट्रॉन’ का भारी जखीरा बरामद किया गया।उप कृषि निदेशक फर्रुखाबाद से प्राप्त सूचना के आधार पर जिला कृषि रक्षा अधिकारी और विभागीय टीम ने संयुक्त रूप से प्रतिष्ठान पर छापा मारा। जांच के दौरान प्रतिष्ठान के प्रोपराइटर शिवम अग्रवाल ने बताया कि यह रसायन कन्नौज स्थित मेसर्स अभय एग्रो ट्रेडर्स से खरीदा गया था।जांच में सामने आया कि कुल 2520 लीटर रसायन, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 25 लाख 20 हजार रुपये है, अलग स्थान पर पांचाल घाट के पास एक प्लॉट में रखा गया था। टीम ने मौके पर पहुंचकर पूरे स्टॉक को कब्जे में लिया।सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि बरामद रसायन की बोतलों पर विनिर्माण तिथि, समाप्ति तिथि और बैच नंबर अंकित नहीं थे, जिससे प्रथम दृष्टया यह नकली प्रतीत हुआ। प्रशासन ने पूरे स्टॉक को सीज कर राजकीय कृषि रक्षा केंद्र बुढनामऊ में सुरक्षित रखवा दिया है।रसायन की गुणवत्ता की पुष्टि के लिए नमूने लेकर प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं। इस कार्रवाई के दौरान स्थानीय गवाहों की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया संपन्न की गई।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में कीटनाशी अधिनियम 1968, नियमावली 1971 तथा भारतीय न्याय संहिता 2023 के तहत संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।किसानों के लिए चेतावनीकृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे केवल प्रमाणित विक्रेताओं से ही कृषि रसायन खरीदें और उत्पाद पर अंकित विवरण अवश्य जांचें, ताकि नकली उत्पादों से फसल को नुकसान से बचाया जा सके।