आंवला-शाहाबाद रोड पर मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बिसौली क्षेत्र के गांव सुजानपुर निवासी हुकुम सिंह अपने परिवार और परिचितों के साथ रामनगर के ग्राम रामदेव में एक ‘दसवां’ संस्कार में शामिल होने आ रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक तेज रफ्तार टैंकर ने कार को जोरदार साइड मार दी, जिससे कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरी। घटना को अंजाम देने के बाद टैंकर चालक मौके से फरार हो गया।
देवदूत बनकर पहुँचे एंबुलेंसकर्मी
हादसे के समय सड़क पर सन्नाटा था और घायल कार के भीतर फंसे हुए थे। उसी समय स्वास्थ्य केंद्र रामनगर से मरीजों को छोड़कर वापस लौट रही सरकारी एंबुलेंस वहाँ से गुजरी। एंबुलेंस चालक भूरे सिंह की नजर खाई में पलटी कार पर पड़ी। उन्होंने बिना समय गंवाए एंबुलेंस रोकी और ईएमटी अरविंद कुमार के साथ तुरंत कार की ओर दौड़ पड़े।
कार के दरवाजे बुरी तरह लॉक हो चुके थे, जिससे घायलों का बाहर निकलना असंभव था। एंबुलेंस टीम ने सूझबूझ का परिचय देते हुए कार के पीछे का शीशा तोड़ा और कड़ी मशक्कत के बाद एक-एक कर सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। अरविंद कुमार और भूरे सिंह ने घायलों को अपनी ही एंबुलेंस में लादा और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर पहुँचाया।
अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया। गनीमत रही कि एंबुलेंस टीम समय पर पहुँच गई, वरना बड़ी अनहोनी हो सकती थी। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस कर्मियों की इस बहादुरी और तत्परता की जमकर सराहना की है।
सवांददाता : पुष्पेंद्र गौड़
