बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड और इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल के बीच बीते कुछ दिनों से खींचतान चल रही थी. बीसीबी ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए टी20 वर्ल्डकप 2026 में अपने मुकाबले भारत के बजाय श्रीलंका में करवाने की मांग की थी. लेकिन आईसीसी ने उनकी नहीं मानी, बांग्लादेश बोर्ड को आखिरी फैसला 21 जनवरी तक लेने को कहा गया. इसके चलते आज यानि 22 जनवरी को बांग्लादेश सरकार ने विश्वकप का बहिष्कार करने का ऐलान कर दिया है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार बांग्लादेश सरकार ने टी20 वर्ल्डकप 2026 का बहिष्कार करने का ऐलान कर दिया है. बांग्लादेश के स्पोर्ट्स एड्वाइजर ने कहा है कि वह टी20 विश्वकप 2026 में खेलन चाहते हैं लेकिन सिर्फ इस शर्त पर कि उनके सभी मैच श्रीलंका में करवाए जाए. इससे पहले बीसीबी ने आयरलैंड से अपना ग्रुप स्विच करने का भी प्रस्ताव दिया था जो आईसीसी को नामंजूर था. वहीं बांग्लादेश के बाहर होने के बाद आईसीसी रैंकिंग के आधार पर स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल करेगा, हालांकि इसको लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के बीच कई दौर की बातचीत हुई. इसके बावजूद कोई नतीजा नहीं निकला, बीसीबी भारत में नहीं खेलने की जिद्द पर अड़ा था. उन्होंने अपने मुकाबले श्रीलंका में शिफ्ट करने की अर्जी दी, लेकिन आईसीसी ने उनकी मांग को खारिज कर दिया. बीते बुधवार यानि 21 जनवरी को आईसीसी की मीटिंग में सभी बोर्ड मेंबर्स के बीच वोटिंग हुई. जिसमें 14 वोट उनके खिलाफ दिए गए तो सिर्फ 2 ही उनके हित में थे.
