​औरैया: अब मेरी बारी प्रतियोगिता का हुआ आयोजन

​औरैया: ऐरवा कटरा की ग्राम पंचायत रघुनाथपुर में खेल और शिक्षा के प्रति युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से ‘अब मेरी बारी’ प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। भारतीय वायु सेना के जवान सतेन्द्र शाक्य (फ़ौजी) द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित की जाने वाली इस प्रतियोगिता में इस बार भी सैंकड़ो बच्चों और युवाओं ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग किया।
​प्रतियोगिता का खाका बच्चों की उम्र और क्षमता को ध्यान में रखकर तैयार किया गया था। इसमें 100 मीटर से लेकर 1 किलोमीटर तक की दौड़ आयोजित की गई।मैदान में उतरते ही बच्चों का जोश देखने लायक था। जीत की ललक और खेल भावना के साथ प्रतिभागियों ने पसीना बहाया। प्रतियोगिता के अंत में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले सफल प्रतिभागियों को मेडल पहनाकर, पुस्तकें वितरित कर सम्मानित किया गया। साथ की लिखित परीक्षा का भी आयोजन किया गया।


​सतेन्द्र फ़ौजी के अनुज संजू शाक्य ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा: “दौड़ और खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं हैं, बल्कि ये बच्चों को मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत बनाने का सबसे सशक्त माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों से युवाओं में अनुशासन और लक्ष्य के प्रति जुझारूपन बढ़ता है।”

​इस अवसर पर भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण भी मौजूद रहे। ग्रामीणों ने सतेन्द्र शाक्य के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की प्रतियोगिताएं प्रतिभाओं को निखारने का काम करती हैं। युवाओं के बेहतर भविष्य और स्वास्थ्य के लिए ऐसे कार्यक्रम निरंतर होते रहने चाहिए।