भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की मशहूर एक्ट्रेस आम्रपाली दुबे ने राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखी. उन्होंने महिला सशक्तीकरण, शिक्षा और बिहार के विकास को लेकर कई अहम बातें कही. उन्होंने बिहार के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को लेकर भी रिएक्ट किया और कहा कि वे बिहार को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएंगे.
आम्रपाली दुबे ने कहा, ‘मुझे उम्मीद है कि सम्राट चौधरी अपनी जिम्मेदारी को अच्छे से निभाएंगे और बिहार को आगे ले जाएंगे. नीतीश कुमार ने भले ही मुख्यमंत्री पद छोड़ा हो, लेकिन उनका मार्गदर्शन आगे भी रहेगा. उनकी राय और अनुभव का फायदा नई सरकार को जरूर मिलेगा और यह सहयोग बिहार के विकास में मदद करेगा.’
उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल की सराहना की. आम्रपाली दुबे ने कहा, ‘नीतीश कुमार के कार्यकाल की चर्चा सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में होती है. उन्होंने खासतौर पर महिला शिक्षा और सशक्तीकरण के लिए कई कदम उठाए, जिन पर हमें गर्व है. नीतीश कुमार ने लंबे समय तक बिहार की बागडोर संभाली और कई बड़े बदलाव किए. अब जब नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को जिम्मेदारी मिली है, तो उन पर बड़ी चुनौती है. नीतीश कुमार की जगह लेना आसान नहीं है क्योंकि उन्होंने बिहार के विकास में बड़ा योगदान दिया है.’
