अलीगढ़:जन कल्याण समिति ने दिखाई इंसानियत की मिसाल, ऑपरेशन के लिए रक्त उपलब्ध कराकर ज्योति की मदद की

अलीगढ़:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 जून 2026 जन कल्याण समिति ने एक बार फिर मानव सेवा और सामाजिक सरोकार का परिचय देते हुए हड्डी की गंभीर बीमारी से पीड़ित एक युवती की सहायता कर इंसानियत की मिसाल पेश की है। समिति ने जेएन मेडिकल कॉलेज (जेएनएमसी) में भर्ती साधुआश्रम हरदुआगंज निवासी ज्योति के ऑपरेशन के लिए आवश्यक रक्त की व्यवस्था कर उसकी मदद की।

जानकारी के अनुसार, ज्योति वार्ड नंबर-07 में भर्ती है और उसके हड्डी के ऑपरेशन के लिए डॉक्टरों ने रक्त की आवश्यकता बताई थी। परिवार की आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी परिस्थितियों के कारण उसके माता-पिता रक्तदान करने में असमर्थ थे। ऐसे में परिवार चिंता में था और रक्त की व्यवस्था नहीं हो पा रही थी।

मामले की जानकारी मिलने पर जन कल्याण समिति के सचिव मुज़फ़्फ़र इक़बाल ने तत्परता दिखाते हुए संस्था के कोषाध्यक्ष मोहम्मद रिज़वान के साथ अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने ज्योति और उसके परिजनों से मुलाकात कर बीमारी की जानकारी ली तथा हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इसके बाद उन्होंने जेएनएमसी ब्लड बैंक से संपर्क कर ऑपरेशन के लिए आवश्यक रक्त की व्यवस्था सुनिश्चित कराई।

ज्योति की माता ने बताया कि डॉक्टरों द्वारा रक्त की व्यवस्था करने को कहा गया था, लेकिन परिवार कहीं से भी रक्त का इंतजाम नहीं कर पा रहा था। उन्होंने बताया कि परिचित चाहत खान की सलाह पर जन कल्याण समिति से संपर्क किया गया, जिसके बाद संस्था के पदाधिकारी तुरंत अस्पताल पहुंचे और रक्त उपलब्ध कराने में मदद की। उन्होंने समिति के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहयोग उनके लिए किसी राहत से कम नहीं है।

इस अवसर पर जन कल्याण समिति के अध्यक्ष इमरान खान ने कहा कि संस्था सदैव जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए तत्पर रहती है। उन्होंने समाज के लोगों से मानव सेवा के इस अभियान में आगे आकर सहयोग करने और रक्तदान जैसे पुण्य कार्यों में भागीदारी निभाने की अपील की।

समिति के इस मानवीय प्रयास की स्थानीय लोगों ने सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक पहल बताया। 

Leave a Comment