AIMIM ने मायावती के साथ गठबंधन की जताई इच्छा

ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिममीन (एआईएमआईएम) के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली ने आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बड़ा राजनीतिक बयान दिया है. उन्होंने कहा कि वर्तमान में समाजवादी पार्टी के पास 111 विधायक हैं और ये सीटें 90 फीसदी मुसलमानों के वोट से सपा ने जीती है इसके बावजूद सपा मुस्लिम समाज की लड़ाई मजबूती से नहीं लड़ रही है.

शौकत अली ने कहा कि अगर एआईएमआईएम के पास 11 विधायक भी होंगे तो वे पूरी ताकत से अपने समाज की आवाज उठाएंगे. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में जाति देखकर एनकाउंटर हो रहे हैं. उनका कहना है कि जब उनकी पार्टी सत्ता में आएगी तो संवैधानिक तरीके से अपने लोगों की लड़ाई लड़ी जाएगी.

उन्होंने स्पष्ट कहा कि पार्टी 2027 के चुनाव के लिए पूरी तैयारी कर रही है और अगली सरकार में उनकी भागीदारी तय होगी. गठबंधन के सवाल पर शौकत अली ने कहा कि उनकी पार्टी बसपा के साथ गठबंधन चाहती है और बसपा के साथ उनका “नेचुरल अलायंस” है. उन्होंने कहा कि “20 (मुस्लिम) + 20 (दलित) = 40” का सामाजिक समीकरण सत्ता तक पहुंचा सकता है.