‘एआई या सच्चाई’, सपा डेलीगेशन को काशी जाने से रोका तो भड़के अखिलेश यादव, बोले- ‘विनाश का दूसरा नाम बीजेपी ‘

उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित मणिकर्णिका घाट पर विकास के नाम पर कथित मंदिरों को तोड़े जाने को लेकर जारी विवाद फिलहाल थमता नजर नहीं आ रहा है. इसी बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मणिकर्णिका घाट विवाद पर एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर एक्स पोस्ट के जरिये निशाना साधा है.

दरअसल, मणिकर्णिका घाट विवाद पर पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने बीजेपी पर निशाना साधा हुए कहा है कि, ‘एआई’ है या ‘सच्चाई’… सपा का डेलीगेशन बस यही जानने काशी गया है. उसको रोकना चोर की दाढ़ी में तिनका है. भाजपा विनाश का दूसरा नाम है.

गौरतलब है कि, बीते दिनों वाराणसी दौरे पर पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मणिकर्णिका विवाद पर मीडिया से संवाद किया था. उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार मिलकर काशी में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ प्राचीन विरासत को संरक्षित करने का कार्य कर रही हैं.

योगी आदित्याथ ने यह भी कहा, ‘‘यह विकास कार्य कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों को पसंद नहीं आ रहा है, इसलिए वे लगातार अपने भ्रामक और झूठे प्रचार के माध्यम से देश की जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं.’’योगी आदित्यनाथ ने कहा था, “कांग्रेस द्वारा AI जनरेटेड वीडियो बनाकर मंदिर को तोड़ने का दुष्प्रचार फैलाया जा रहा है, जबकि हर व्यक्ति जानता है कि मणिकर्णिका में जो मंदिर हैं, वे वहां पर वैसे ही मौजूद हैं.”

फिलहाल मणिकर्णिका घाट पर चल प्रोजेक्ट के बीच कथित तौर पर प्रचीन मंदिरों को तोड़े जाने पर सियासत गरमाती नजर आ रही है. इस मामले पर समाजवादी पार्टी प्रदेश सरकार पर लगातार आक्रमक रुख अपनाए हुए हैं.