फर्रुखाबाद में विशेष ग्राम चौपाल का आयोजन, मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिलाओं को किया गया जागरूक

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 जनवरी 2026 को जिलाधिकारी फर्रुखाबाद एवं पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ द्वारा कोतवाली फतेहगढ़ क्षेत्रान्तर्गत ग्राम पंचायत बुढ़ानामऊ में विशेष ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं को Women Power Line-1090, 181, 112 तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076 की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति, उत्पीड़न या सहायता की आवश्यकता होने पर इन हेल्पलाइन नंबरों पर तुरंत संपर्क किया जा सकता है। इसके साथ ही शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर पात्र एवं जरूरतमंद लोगों को लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।

विशेष ग्राम चौपाल में अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं और उनके त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए। ठंड के मौसम को देखते हुए जरूरतमंद ग्रामीणों को कंबल वितरित किए गए, जिससे ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति विश्वास और संतोष का भाव देखने को मिला।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं, बालिकाएं, ग्रामवासी एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।