फर्रुखाबाद में जूता-चप्पल की दुकान में भीषण आग, शॉर्ट सर्किट की आशंका, दमकल देरी से पहुंचने पर लोगों में आक्रोश

 
फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 28 अप्रैल 2026 शहर के टाउन हॉल क्षेत्र स्थित काशीराम कॉलोनी के पास सब्जी मंडी के निकट मंगलवार देर रात करीब 11 बजे एक जूता-चप्पल की दुकान में भीषण आग लग गई। दुकान के सामने लगे ट्रांसफार्मर के पास अचानक उठीं आग की लपटों ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।आग की तेज लपटों को देखकर आसपास के स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंच गए और निजी समर (मोटर) चलाकर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। काफी मशक्कत के बाद लोगों ने मिलकर आग पर काबू पाया, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई।घटना की सूचना तत्काल दमकल विभाग को दी गई, लेकिन आरोप है कि फायर ब्रिगेड की गाड़ी करीब एक घंटे की देरी से मौके पर पहुंची। तब तक स्थानीय लोगों द्वारा आग बुझाई जा चुकी थी। दमकल विभाग की देरी से पहुंचने पर क्षेत्रीय लोगों में काफी आक्रोश देखने को मिला।प्राथमिक जानकारी के अनुसार, आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि, प्रशासन की ओर से मामले की जांच की बात कही जा रही है। इस हादसे में दुकान में रखा सामान जलकर खाक हो गया, जिससे दुकानदार को भारी नुकसान हुआ है।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि दमकल सेवाओं को और अधिक सक्रिय और तत्पर बनाया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं में समय रहते मदद पहुंच सके।