मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जापान यात्रा के पहले दिन औद्योगिक निवेश के क्षेत्र में बंपर ऑफर मिले. मुख्यमंत्री के दौरे के पहले ही दिन अलग-अलग जापानी कंपनियों के साथ लगभग 11 हजार करोड़ रुपये के एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए. कुबोटा कॉर्पोरेशन, मिंडा कॉर्पोरेशन, जापान एविएशन इलेक्ट्रॉनिक्स इंडस्ट्री (JAE), नागासे एंड कंपनी लिमिटेड, सेइको एडवांस, ओ एंड ओ ग्रुप, फुजी जापानी जेवी और फुजी सिल्वरटेक कंक्रीट प्राइवेट लिमिटेड ने यूपी में निवेश के लिए समजाहुते पर हस्ताक्षर किए.
ये समझौते कृषि उपकरण निर्माण, औद्योगिक मशीनरी उत्पादन, जल एवं पर्यावरण अवसंरचना समाधान, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, औद्योगिक प्रिंटिंग एवं ग्राफिक्स, आतिथ्य सत्कार (हॉस्पिटैलिटी) और रियल एस्टेट जैसे विविध क्षेत्रों से जुड़े हैं. इनसे भारत में विनिर्माण क्षमता के विस्तार और औद्योगिक सहयोग को नई दिशा मिलने की उम्मीद है.
