फर्रुखाबाद: साइबर क्राइम थाना की कार्रवाई: 5.65 लाख की ऑनलाइन ठगी करने वाला अपचारी किशोर पकड़ा गया

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 फरवरी 2026 साइबर क्राइम थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5,65,225 रुपये की साइबर ठगी के मामले में एक अपचारी किशोर को पुलिस अभिरक्षा में लेकर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया है। आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 01/2026 के तहत धारा 318(4), 319(2), 336(3), 338, 340(2) बीएनएस तथा 66D आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है।

यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन आलोक सिंह के निर्देशन तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर रेंज हरीश चन्दर के पर्यवेक्षण में साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत की गई।

फर्जी आईडी बनाकर करता था ठगी

पुलिस जांच में सामने आया कि अपचारी किशोर ने अपने मोबाइल से जस्ट डायल एप पर फर्जी आईडी बनाकर लोगों की पूछताछ प्राप्त करनी शुरू की। इसके बाद वह व्हाट्सएप के माध्यम से ट्रांसपोर्ट सुविधा उपलब्ध कराने तथा सोलर पैनल सहित अन्य सामान बेचने का झांसा देकर बुकिंग के नाम पर एडवांस राशि मंगवाता था। इस तरीके से उसने अलग-अलग लोगों से कुल 5,65,225 रुपये की ठगी की। मामले में कुल 24 साइबर शिकायतें दर्ज हैं।

बरामदगी

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से, 03 इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन, 2100 रुपये नकद, बिना नंबर की काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल, मोबाइल स्क्रीनशॉट व फर्जी दस्तावेज बरामद किए हैं।

पुलिस टीम

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार, उपनिरीक्षक सुबोध यादव, हेड कांस्टेबल रविन्द्र प्रताप सिंह, कांस्टेबल अरविन्द यादव, अंकित आर्य, गौरीशंकर और कौटिल्य की टीम शामिल रही।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी ऑनलाइन सेवा या खरीद-फरोख्त से पहले संबंधित व्यक्ति या कंपनी की सत्यता अवश्य जांच लें और किसी अनजान व्यक्ति को एडवांस भुगतान न करें।