फर्रुखाबाद:अपराध नियंत्रण और जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण पर जोर, एसपी आरती सिंह ने की मासिक अपराध गोष्ठी

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 13 सितंबर 2026 पुलिस अधीक्षक आरती सिंह फतेहगढ़ ने रविवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में सैनिक सम्मेलन एवं मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित कर जनपद की कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की स्थिति की समीक्षा की। गोष्ठी में अधिकारियों को प्रभावी पुलिसिंग के साथ लंबित मामलों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए।

मासिक अपराध गोष्ठी के दौरान अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा महिला संबंधी अपराधों में प्रभावी कार्रवाई को लेकर विस्तार से समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने लंबित विवेचनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण ढंग से शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

एसपी ने जनशिकायतों के समयबद्ध समाधान के साथ-साथ बीट पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी तथा अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी अधिकारियों से जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनीं

सैनिक सम्मेलन के दौरान पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने पुलिसकर्मियों की समस्याओं एवं सुझावों को भी सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि पुलिसकर्मी बेहतर कार्य वातावरण में अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें।

एसपी ने पुलिसकर्मियों को अनुशासन, ईमानदारी, संवेदनशीलता और जनसेवा की भावना के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा और उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इस दिशा में सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें।

गोष्ठी में पुलिस विभाग के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे और अपराध नियंत्रण तथा कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।

Leave a Comment