फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 13 सितंबर 2026 आगामी गणेश महोत्सव के दृष्टिगत पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार, 13 सितंबर 2026 को अपर पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ गिरीश कुमार सिंह एवं पुलिस उपाधीक्षक अमृतपुर राजेश कुमार द्विवेदी ने थाना कमालगंज क्षेत्र में गणेश सेवा समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में गणेश महोत्सव के आयोजन, सुरक्षा व्यवस्था तथा कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। पुलिस अधिकारियों ने समिति के पदाधिकारियों से आयोजन के दौरान आने वाली संभावित समस्याओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
अधिकारियों ने महोत्सव के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने, सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा आयोजन को निर्धारित नियमों के अनुरूप संपन्न कराने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही समिति के पदाधिकारियों से पुलिस-प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने की अपील की गई।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि गणेश महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखना प्राथमिकता है। आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों को भी जिम्मेदारी के साथ व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
