फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 10 सितंबर 2026 श्रद्धेय संत नीब करोरी बाबा के महासमाधि दिवस पर उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने उनकी आध्यात्मिक विरासत को देश-दुनिया के श्रद्धालुओं तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। बाबा के जीवन और साधना से जुड़े प्रमुख स्थलों को जोड़कर ‘नीब करोरी बाबा सर्किट’ विकसित किया जा रहा है। इसी अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए बाबा नीब करोरी के पांच विशेष टूर पैकेज भी शुरू किए हैं।
इस पहल के तहत दिल्ली और लखनऊ से 2, 3 और 5 दिन के विशेष टूर पैकेज संचालित किए जाएंगे। वहीं फिरोजाबाद और फर्रुखाबाद में पर्यटन सुविधाओं एवं बुनियादी ढांचे के विकास के लिए करीब 12.93 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है।
अकबरपुर में विकसित हो रही आधुनिक पर्यटन सुविधाएं
फिरोजाबाद के अकबरपुर को बाबा नीब करोरी की जन्मस्थली के रूप में विकसित किया जा रहा है। परियोजना के फेज-1 के तहत पर्यटन सुविधाओं के विकास पर 8.65 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। वहीं 2.22 करोड़ रुपये की फेज-2 परियोजना का 60 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा हो चुका है। इसे दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इसके अलावा अकबरपुर में 55.44 लाख रुपये की ग्रामीण पर्यटन परियोजना भी जल्द शुरू की जाएगी। इसके तहत प्रवेश द्वार, साइनेज, म्यूरल वॉल और पर्यटकों के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
सभागार से लेकर डॉरमेट्री तक होंगी सुविधाएं
अकबरपुर में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए बहुद्देशीय सभागार, सांस्कृतिक ब्लॉक और बाबा के जीवन एवं आध्यात्मिक यात्रा पर आधारित आधुनिक प्रदर्शनी हॉल तैयार किया जा रहा है। यहां डाइनिंग हॉल, 50 लोगों की क्षमता वाली कैफेटेरिया, रसोई, शौचालय और लगभग 60 लोगों के ठहरने के लिए डॉरमेट्री की सुविधा भी विकसित की जा रही है।
फेज-2 में गार्ड रूम, सार्वजनिक उपयोग की सुविधाएं और पत्थर के रास्ते बनाए जा रहे हैं। इससे जन्मस्थली पर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर पर्यटन सुविधाएं मिल सकेंगी।
फर्रुखाबाद के नीब करोरी आश्रम का भी हुआ विकास
फर्रुखाबाद स्थित नीब करोरी आश्रम के विकास के लिए 1.51 करोड़ रुपये की परियोजना पूरी हो चुकी है। आश्रम परिसर में यात्रियों के ठहरने के लिए भवन, मुख्य द्वार और सार्वजनिक उपयोग की सुविधाएं विकसित की गई हैं।
मान्यता के अनुसार फर्रुखाबाद स्थित आश्रम में बाबा ने भूमिगत गुफा में करीब 12 वर्ष साधना की थी। ऐसे में बाबा की आध्यात्मिक यात्रा में फर्रुखाबाद का विशेष महत्व माना जाता है।
जन्मस्थली से महासमाधि स्थल तक जुड़ेगा सर्किट
‘नीब करोरी बाबा सर्किट’ में बाबा की आध्यात्मिक यात्रा से जुड़े प्रमुख स्थलों को शामिल किया जा रहा है। इसमें वृंदावन स्थित समाधि मंदिर, फिरोजाबाद का अकबरपुर गांव, फर्रुखाबाद का नीब करोरी बाबा आश्रम धाम मंदिर और लखनऊ का हनुमान सेतु मंदिर प्रमुख रूप से शामिल हैं।
वृंदावन में वर्ष 1973 में बाबा ने महासमाधि ली थी। अब जन्मस्थली से लेकर साधना स्थल और महासमाधि स्थल तक जुड़े इन प्रमुख स्थानों को एक पर्यटन मार्ग के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।
दिल्ली और लखनऊ से चलेंगे विशेष टूर
महासमाधि दिवस के अवसर पर यूपीएसटीडीसी ने बाबा नीब करोरी के नाम से पांच विशेष टूर पैकेज शुरू किए हैं। इनमें 2 दिन, 3 दिन और 5 दिन की यात्राएं शामिल हैं। पर्यटकों की मांग के अनुसार इन पैकेजों का संचालन दिल्ली और लखनऊ से किया जाएगा।
इन टूर पैकेजों का उद्देश्य देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बाबा से जुड़े प्रमुख स्थलों की यात्रा को सुविधाजनक बनाना है।
‘बाबा की विरासत को संरक्षित कर रही सरकार’
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि नीब करोरी बाबा का महासमाधि दिवस ऐसे संत को स्मरण करने का अवसर है, जिनका आस्था, सादगी और सेवा का संदेश आज भी भारत सहित दुनिया के लोगों को प्रेरित करता है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार बाबा के जीवन और विरासत से जुड़े स्थलों को संरक्षित करने के साथ उनकी पर्यटन क्षमता को भी विकसित कर रही है। पर्यटन परियोजनाओं और बेहतर सुविधाओं के माध्यम से बाबा की विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
आध्यात्मिक पर्यटन को मिलेगा नया आयाम
अपर मुख्य सचिव एवं पर्यटन महानिदेशक अमृत अभिजात ने बताया कि ‘नीब करोरी बाबा सर्किट’ उत्तर प्रदेश के आध्यात्मिक पर्यटन को नया आयाम देगा। बाबा से जुड़े प्रमुख स्थलों को एक सर्किट में जोड़ने से श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए इन स्थानों तक पहुंच आसान होगी।
उन्होंने कहा कि महासमाधि दिवस पर शुरू किए गए विशेष टूर पैकेज इस पहल को और उपयोगी बनाएंगे तथा देश के साथ-साथ विदेशों से आने वाले श्रद्धालुओं को भी बाबा की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और स्थानीय विरासत को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।
टूर पैकेज की जानकारी के लिए संपर्क:
📞 +91 91490 99890
🌐 यूपीएसटीडीसी वेबसाइट: upstdc.co.in
