फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 10 सितंबर 2026 थाना जहानगंज क्षेत्र के ग्राम कोरीखेड़ा निवासी पूनम गुप्ता ने 10 वर्षीय बालक के अपहरण और बाद में हत्या किए जाने के मामले में पुलिस पर अपेक्षित कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है। अधिवक्ता दिवाकर द्विवेदी के माध्यम से न्यायालय में प्रस्तुत प्रार्थना पत्र में मामले की जांच कर आरोपितों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, पूनम गुप्ता पत्नी चन्द्रप्रकाश गुप्ता ने बताया कि 10 दिसंबर 2025 की शाम करीब 8 बजे उनका करीब 10 वर्षीय पुत्र लापता हो गया था। आरोप है कि इसके बाद 14 दिसंबर 2025 को सुबह करीब 10:30 बजे पुत्र का शव गांव से सटे खेत में मिला। प्रार्थिनी के अनुसार घटना के संबंध में थाना जहानगंज में मुकदमा दर्ज कराया गया था।
प्रार्थना पत्र में कुछ व्यक्तियों पर घटना से संबंधित होने का आरोप लगाते हुए कहा गया है कि मामले में पुलिस द्वारा कार्रवाई की गई, लेकिन बाद में आरोपित पक्ष की ओर से दबाव बनाने का प्रयास किया जा रहा है। आरोप है कि प्रार्थिनी और उसके परिजनों के साथ अभद्रता एवं मारपीट की गई तथा घटना की वीडियो आदि भी डिलीट कराए जाने की बात कही गई है।
प्रार्थिनी ने यह भी आरोप लगाया है कि उसने पुलिस अधीक्षक को रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से प्रार्थना पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की, लेकिन थाना पुलिस की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने न्यायालय में परिवाद प्रस्तुत किया है।
प्रार्थना पत्र में न्यायालय से संबंधित धाराओं में संज्ञान लेते हुए आरोपितों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई और दंडित किए जाने की मांग की गई है। मामले में लगाए गए आरोप प्रार्थना पत्र पर आधारित हैं; आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना शेष है।
