फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 08 सितम्बर 2026 जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा जनपद में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश के आदेश तथा जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी जी.पी. गुप्ता के नेतृत्व में मंगलवार, 8 सितंबर 2026 को कार्रवाई की गई।
अभियान के तहत आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-3 रीता वर्मा ने आबकारी टीम के साथ संदिग्ध ग्राम कुइया में दबिश दी। इसके साथ ही जनपद के विभिन्न आबकारी अनुज्ञापन स्थलों का भी औचक निरीक्षण किया गया।
टीम ने सलेमपुर और कड़हर स्थित कम्पोजिट दुकानों तथा परमनगर, सरह और सलेमपुर स्थित देशी मदिरा दुकानों की जांच की। निरीक्षण के दौरान दुकानों के स्टॉक रजिस्टर, ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता का परीक्षण किया गया।
अधिकारियों ने दुकानों पर उपलब्ध मदिरा के स्टॉक का अभिलेखों से मिलान भी किया। संबंधित अनुज्ञापियों को सभी अभिलेख अद्यतन रखने तथा शासन द्वारा निर्धारित नियमों और मानकों का पूरी तरह पालन करने के निर्देश दिए गए।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी कि निरीक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने और अवैध मदिरा के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए गए।
आबकारी विभाग के अनुसार जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन के खिलाफ प्रवर्तन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
