फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 सितम्बर 2026 दिल्ली के साकेत थाना क्षेत्र में कवरेज के दौरान महिला पत्रकारों के साथ पुलिस द्वारा कथित मारपीट एवं दुर्व्यवहार के मामले को लेकर पत्रकारों में रोष है। इसी क्रम में सोमवार को राष्ट्रीय पत्रकार संघ भारत एवं अन्य समाचार पत्रों से जुड़े पत्रकारों ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपकर मामले की निष्पक्ष न्यायिक जांच कराने और दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि 3 सितंबर 2026 को दक्षिणी दिल्ली के साकेत थाना क्षेत्र में एक कार्यक्रम की कवरेज करने गईं 4PM न्यूज नेटवर्क की पत्रकार शाहीन खान एवं उनकी सहयोगी नफीसा खान के साथ पुलिस द्वारा कथित रूप से मारपीट एवं दुर्व्यवहार किया गया। पत्रकारों ने इस पूरे प्रकरण की किसी उच्च न्यायालय के न्यायाधीश से न्यायिक जांच कराने तथा जांच में दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों एवं अधिकारियों के विरुद्ध विधिसम्मत विभागीय एवं दंडात्मक कार्रवाई की मांग की।
जिलाध्यक्ष अरविंद शुक्ला ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में जनता की आवाज शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य करते हैं। यदि कवरेज के दौरान पत्रकारों के साथ इस प्रकार का कथित व्यवहार होता है तो यह बेहद गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि महिला पत्रकारों के साथ हुई घटना की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी पत्रकार के साथ ऐसी घटना दोबारा न हो।
अरविंद शुक्ला ने ज्ञापन सौंपने के दौरान मौजूद सभी पत्रकार साथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पत्रकारों की एकजुटता लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने का संदेश देती है। उन्होंने राष्ट्रपति से मांग की कि मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच सुनिश्चित कर पीड़ित पत्रकारों को न्याय दिलाया जाए तथा दोषी पाए जाने वालों को कानून के अनुसार कठोर दंड मिले।
ज्ञापन के माध्यम से यह भी मांग की गई कि महिला पत्रकारों के भीतर उत्पन्न भय का वातावरण समाप्त करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं और देशभर में पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। पत्रकारों ने कहा कि स्वतंत्र एवं निर्भीक पत्रकारिता स्वस्थ लोकतंत्र की आवश्यक शर्त है, इसलिए पत्रकारों के अधिकारों और सम्मान की रक्षा किया जाना जरूरी है।
इस अवसर पर पत्रकार अनुराग दुबे, आर्यन बाजपेई, मनीष श्रीवास्तव, रवि चौहान, गौरव शुक्ला, राहुल कठेरिया, सुमित जोशी, मनीष यादव, धर्मवीर सिंह, सुरेंद्र सिंह, कुमारी किरण, श्याम सिंह यादव, रैना कुशवाहा, कमलकांत (के.के.), अमित गुप्ता, बलवीर कुशवाहा, शिवकिशोर, राजेंद्र मिश्रा, शानू खान, बृजमोहन सिंह एवं अतुल जैन सहित दर्जनों पत्रकार मौजूद रहे।
