फर्रुखाबाद:बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों के लिए निःशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर, 146 मरीजों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 सितम्बर 2026 राजेपुर ब्लॉक की ग्रामसभा कढ़हार में सोमवार को बाढ़ प्रभावित आमजनों, वृद्धजनों, महिलाओं, किशोरियों एवं शिशुओं की स्वास्थ्य देखभाल के लिए राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय में निःशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा एवं पोषण माह जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेंद्र सिंह ने कुल 146 रोगियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया, जिसमें 75 पुरुष और 71 महिलाएं शामिल रहीं। जांच के बाद सभी मरीजों को उनकी बीमारी के अनुसार निःशुल्क होम्योपैथिक उपचार उपलब्ध कराया गया।

शिविर में उपचार के लिए पहुंचे अधिकांश मरीज जुकाम, बुखार, खांसी, दमा, पेट संबंधी रोग, श्वांस संबंधी समस्याओं, डायबिटीज, मोटापा, गठिया एवं जोड़ों के दर्द तथा विभिन्न प्रकार के चर्म रोगों से पीड़ित पाए गए।

बाढ़ के दौरान स्वच्छता और पौष्टिक भोजन पर जोर

शिविर के समापन पर डॉ. सुरेंद्र सिंह ने मरीजों, उनके परिजनों और ग्रामीणों को बाढ़ के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने, पौष्टिक भोजन लेने तथा नियमित रूप से योग एवं व्यायाम करने के लिए जागरूक किया।

उन्होंने धात्री महिलाओं को शिशुओं की स्वच्छता एवं उचित पोषण पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। साथ ही आंगनवाड़ी केंद्र पर बच्चों का नियमित वजन कराने के महत्व की जानकारी दी, ताकि बच्चों में कुपोषण की समय रहते पहचान कर उन्हें उचित उपचार एवं पोषण उपलब्ध कराया जा सके।

शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को स्वास्थ्य के साथ-साथ पोषण और बाढ़ के दौरान बीमारियों से बचाव के प्रति भी जागरूक किया गया।

Leave a Comment