मझगवां। ब्लॉक मझगवां की ग्राम पंचायत अलीगंज में 5 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बड़ी धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
इस मौके पर ठाकुर द्वारा मंदिर को फूल-मालाओं और रंग-बिरंगी लाइटों से भव्य रूप से सजाया गया था। मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण की विशेष पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। देर शाम तक श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही।
ठाकुर द्वारा मंदिर से मोहल्ला मणिनाथ तक भगवान श्रीकृष्ण की पालकी निकाली गई, जो वहां से होते हुए दोबारा वापस ठाकुर द्वारा मंदिर तक पहुंची। पालकी यात्रा के दौरान श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों के साथ नाचते-गाते चल रहे थे और कृष्ण भजनों पर झूम रहे थे। पूरे मार्ग में जगह-जगह पुष्प वर्षा कर पालकी का स्वागत किया गया।
इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था का पूरा ध्यान रखा गया। पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था संभाले रखी। इस दौरान उप निरीक्षक नेपाल सिंह यादव, हेड कांस्टेबल वीरेंद्र सिंह आदि पुलिस बल मौजूद रहा।
