जगदेव बाबू के विचारों को जीवन में उतारना ही सच्ची श्रद्धांजलि : उषा सिंह
बोकारो से द दस्तक 24 प्रतिनिधि उपेन्द्र पथिक द्वारा
बोकारो, 5 सितम्बर । अर्जक संघ, बोकारो जिला समिति की ओर से शनिवार को डॉ. अम्बेडकर मानव संस्थान, सेक्टर-8 बी में शहीद दिवस त्योहार संकल्प के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अर्जक संघ की बोकारो जिला अध्यक्ष मा० उषा सिंह ने की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मा० उषा सिंह ने कहा कि “जगदेव बाबू को याद करना केवल उनकी तस्वीर पर माला चढ़ाना नहीं, बल्कि उनके अधूरे संघर्ष को आगे बढ़ाना है। जातिवाद, अंधविश्वास और सामाजिक असमानता के खिलाफ वैज्ञानिक सोच और बराबरी की लड़ाई को मजबूत करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। शहीदों की तस्वीर दीवार पर लगाने से समाज नहीं बदलता, शहीदों के विचारों को जीवन में उतारने से समाज बदलता है।”
कार्यक्रम का उद्घाटन मा० रामावती अर्जक ने किया, जबकि मुख्य वक्ता मा० डी० डी० राम रहे। कार्यक्रम का संचालन मा० अरुण पासवान ने किया। वक्ताओं ने कहा कि 5 सितम्बर का दिन शोषित, दलित, बहुजन और मेहनतकश समाज के लिए केवल शहीद जगदेव प्रसाद को याद करने का दिन नहीं, बल्कि उनके विचारों और संघर्ष को आगे बढ़ाने का संकल्प दिवस भी है।
वक्ताओं ने कहा कि समाज से जातिवाद, अंधविश्वास और सामाजिक असमानता को समाप्त करने के लिए बहुसंख्यक शोषित समाज को संगठित होकर वैज्ञानिक चेतना और समानता की दिशा में आगे बढ़ना होगा। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने संकल्प लिया कि वे जातिवाद के खिलाफ आवाज उठाएंगे, अंधविश्वास के विरुद्ध वैज्ञानिक चेतना फैलाएंगे, शोषित एवं मेहनतकश समाज को संगठित करेंगे तथा बच्चों को शिक्षा और वैज्ञानिक सोच से जोड़ेंगे। वक्ताओं ने कहा कि जब तक समाज में एक इंसान दूसरे इंसान को ऊंचा-नीचा समझता रहेगा, तब तक बराबरी की लड़ाई जारी रहेगी।
कार्यक्रम में नगीना प्रसाद महतो, विनोद प्रसाद, शशिकांत कुमार सिन्हा, ज्ञानचंद सिंह, एम० पी० सिंह, भरत महतो, अशोक कुमार सिंह, शैलेश कुमार प्रसाद, महेंद्र प्रसाद, आर० पी० वर्मा, यमुना राम, मालती अर्जक, विवेक कुमार, गुलाबचंद दास, मुक्तेश्वर कुमार सहित दर्जनों अर्जकों ने सभा को संबोधित करते हुए शहीद जगदेव प्रसाद के मिशन को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम के अंत में मा० शशिकांत कुमार सिन्हा ने उपस्थित लोगों को संकल्प दिलाया। मा० बन्धु रजक ने सभी साथियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करके कार्यक्रम का समापन किया।
बोकारो में अर्जक संघ द्वारा मनाया गया शहीद दिवस
