कासगंज :खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने प्रतिष्ठानों का किया निरीक्षण

कार्यालय खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, कासगंज।

जिलाधिकारी प्रणय सिंह के आदेशानुसार आज दिनांक 05 सितंबर 2026 को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, जनपद कासगंज की टीम, जिसमें सहायक आयुक्त (खाद्य)-II श्री कुलदीप सिंह के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री ओमबीर सिंह एवं श्रीमती प्रतिमा त्रिपाठी द्वारा जनपद कासगंज के प्रभु पार्क, कासगंज पर लगने वाली फॉस्ट फूड की दुकानों/ठेलों/प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान प्रभु पार्क स्थित प्रतिष्ठान जय माँ शीतला छोले-भटूरे का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में गंदे व अस्वास्थ्यकर अवस्था में लो क्वालिटी के तेल में छोले-भटूरे बनाये जा रहे थे। तेल को बार-बार प्रयोग कर भटूरे बनाये जा रहे थे।
उक्त के क्रम में उपरोक्त प्रतिष्ठान से तेल का नमूना एवं कई दिन पुरानी रखी दाल मखनी का नमूना संगृहीत किया गया है। संगृहीत किये गये उपरोक्त दोनों खाद्य पदार्थ के नमूनों को जांच हेतु राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है, जांच रिपोर्ट आने पर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जायेगी। मौके पर प्रतिष्ठान में मिली गंदगी के दृष्टिगत खाद्य कारोबारी को सुधार सूचना निर्गत की जा रही है।
वनस्पति तेलों द्वारा तलकर तैयार किये जा रहे खाद्य सामग्री में संलग्न सभी खाद्य कारोबारकर्ताओं को सलाह दी जाती है कि वह तलने हेतु वनस्पति तेल का प्रयोग 02 या 03 बार से अधिक ना करें। अभियान जारी रहेगा।

Leave a Comment