सलमान खान की ‘इट्स डन ब्रो’ अपील पर सोनम वांगचुक ने तोड़ी चुप्पी; कहा- ‘मैं मजबूरियों पर कुछ नहीं कहूंगा’

नीट परीक्षा लीक मामले को लेकर सोनम वांगचुक जब भूख हड़ताल पर थे तो सलमान खान ने उनसे अनशन खत्म करने की अपील की थी। दबंग खान ने अपने ही अंदाज में ट्वीट किया था, जो खूब वायरल हुआ। इस पर काफी मीम्स भी बने थे। अब हाल ही में सोनम वांगचुक ने सलमान की उस अपील पर प्रतिक्रिया दी है।

इंजीनियर, शिक्षक और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने हाल ही में प्रखर गुप्ता के पॉडकास्ट में सलमान खान के वायरल ट्वीट पर रिएक्शन दिया। दरअसल, सोनम से सलमान के ट्वीट के बारे में पूछा गया और उन्हें बताया गया कि छात्र आंदोलन के दौरान सलमान का ‘इट्स डन ब्रो’ ट्वीट सबसे वायरल मूमेंट रहा।

इस पर सोनम वांगचुक ने रिएक्शन देते हुए कहा, ‘मजबूरियां होती होंगी सबकी। मैं उसमें नहीं जाना चाहूंगा। आगे-पीछे हर तरफ देखना पड़ता है। उन्होंने कुछ कहा, इसका मैं सम्मान करता हूं। बाकी मजबूरियों पर तो मैं कुछ नहीं कहूंगा’।

सलमान खान ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर आंदोलन में शामिल छात्रों से घर लौटने की अपील की थी। साथ ही सोनम से कहा था कि वे अब अनशन तोड़ दें।

जब छात्र आंदोलन चल रहा था, तब सलमान खान ने लिखा था, ‘पढ़ाई और सुरक्षा, दोनों ही मामलों में छात्र हमारी पहली प्राथमिकता हैं इसलिए उन्हें और उनके माता-पिता को चिंता करने की जरूरत नहीं है। माननीय प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया है और मुझे यकीन है कि वे इस पेपर लीक के लिए सभी जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे। इसलिए छात्रों, प्लीज अपने माता-पिता के पास अपने घर लौट जाइए।’

सलमान ने आगे लिखा था, ‘और सोनम, बस हो गया। इसे और आगे मत खींचो। अगर जरूरत पड़ी तो इस जज्बे को किसी और दिन के लिए बचाकर रखना (हालांकि मुझे नहीं लगता कि जरूरत पड़ेगी) और कुछ खा-पी लो। अगर चाहो तो मैं घर से खाना भेज दूंगा।’

Leave a Comment