फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 अगस्त 2026 श्रावण मास के अंतिम सोमवार को कांवड़ यात्रियों द्वारा गंगाजल भरने एवं श्रद्धालुओं द्वारा गंगा स्नान करने के दृष्टिगत जिलाधिकारी डॉ0 अंकुर लाठर एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह ने रात्रि लगभग 01 बजे पांचाल घाट एवं पांचाल घाट पुल पर पहुंचकर जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं एवं कांवड़ यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए किए गए प्रबंधों का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने घाट पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की गई व्यवस्थाओं, आवागमन, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, सुरक्षा व्यवस्था तथा कांवड़ यात्रियों के गंगाजल भरने के लिए किए गए प्रबंधों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं एवं कांवड़ यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए तथा घाट एवं पुल पर पर्याप्त पुलिस बल एवं सुरक्षाकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित रखी जाए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भीड़ को देखते हुए श्रद्धालुओं के आवागमन को सुव्यवस्थित रखा जाए तथा घाट पर लगातार निगरानी की जाए। उन्होंने गंगा स्नान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सक्रिय रखने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रियों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए भीड़ नियंत्रण एवं यातायात व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए। उन्होंने घाट एवं पुल पर लगातार पुलिस गश्त एवं निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए निर्देशित किया कि श्रावण मास के अंतिम सोमवार को बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं एवं कांवड़ यात्रियों को सुरक्षित एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराया जाए। जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट पारुल तरार, उप जिलाधिकारी सदर संजय कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
