राउत ने फडणवीस के Gen Z पर कसा तंज

शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें अपने कार्यालय में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) के संयोजक अभिजीत दीपके की तस्वीर लगानी चाहिए। राउत ने कहा कि दीपके की वजह से ही फडणवीस और भाजपा नेताओं को जेन-जी के मुद्दों के बारे में जानकारी हुई।

पत्रकारों से बातचीत में राउत ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के छात्र संपर्क कार्यक्रम को भाजपा की ओर से पैसे की गूंज कहे जाने पर भी निशाना साधा। भाजपा ने आरोप लगाया था कि कांग्रेस ने कार्यक्रम में भीड़ जुटाने के लिए सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को पैसे दिए। राउत ने सवाल किया कि अगर राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम पैसे देकर आयोजित किया गया था, तो 2024 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये देने वाली ‘मुख्यमंत्री लाडकी बहिन योजना’ क्या थी? भाजपा ने शनिवार को पुणे में राहुल गांधी के छात्र कार्यक्रम को पैसे की गूंज बताया था। पार्टी ने आरोप लगाया था कि कांग्रेस ने भीड़ जुटाने के लिए सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को पैसे दिए। इसके बाद विपक्ष ने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा था कि भगवा दल जेनजी के बढ़ते समर्थन से चिंतित है।

Leave a Comment