सीतापुर:पांच दिन से लापता युवक का पेड़ से लटकता मिला शव, क्षेत्र में सनसनी

संदना (सीतापुर)। संदना थाना क्षेत्र के शिवपुरी गांव निवासी 28 वर्षीय ब्रजेश कुमार पुत्र हेमनाथ का शव रविवार सुबह गांव से करीब दो किलोमीटर दूर गन्ने के खेत में यूकेलिप्टस के पेड़ से लटका मिला। युवक पिछले पांच दिनों से लापता था। शव मिलने की सूचना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।परिजनों के अनुसार ब्रजेश कुमार 19 अगस्त की सुबह करीब चार बजे शौच के लिए घर से निकला था। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा। काफी तलाश करने के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने संदना थाने में गुमशुदगी की सूचना दी। इसके बाद परिवार के लोग लगातार उसकी तलाश कर रहे थे।रविवार सुबह ब्रजेश के पिता, भाई और गांव के अन्य लोग उसकी तलाश में निकले। इसी दौरान शिवपुरी गांव से करीब दो किलोमीटर दूर गन्ने के खेत में यूकेलिप्टस के पेड़ से प्लास्टिक की रस्सी के सहारे ब्रजेश का शव लटका मिला। शव कई दिन पुराना होने के कारण काफी खराब अवस्था में था।सूचना मिलते ही संदना थानाध्यक्ष प्रिंस सोनकर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।परिजनों ने बताया कि ब्रजेश की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती थी और वह काफी समय से मानसिक रूप से परेशान था। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। मामले में परिजनों की तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।ब्रजेश शादीशुदा था और अपने पीछे चार वर्षीय मासूम बेटे को छोड़ गया है। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Comment