फर्रुखाबाद:15-20 वर्षों से बंद सीतापुर आई हॉस्पिटल के पुनरुद्धार की पहल, डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 21 अगस्त 2026 जनपद में वर्षों से बंद पड़े सीतापुर आई हॉस्पिटल को पुनः क्रियाशील कराने की दिशा में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने पहल शुरू कर दी है। शुक्रवार को जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनन्द उपाध्याय के साथ फतेहगढ़ स्थित सीतापुर आई हॉस्पिटल का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान संज्ञान में आया कि उक्त अस्पताल पिछले करीब 15 से 20 वर्षों से प्रभावी रूप से संचालित नहीं है। अस्पताल के संचालन को लेकर स्थानीय जनता द्वारा जिलाधिकारी से कई बार शिकायत भी की गई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने अस्पताल की भूमि, भवन और संचालन से संबंधित अभिलेखों की जांच के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने मौके पर जिला शासकीय अधिवक्ता (सिविल) श्री कृष्णकान्त महाजन को बुलाकर भूमि अभिलेखों का अवलोकन कराया तथा संबंधित विवरण के साथ विस्तृत आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी फर्रूखाबाद श्री मुरलीधर को अस्पताल का पूर्ण भौतिक एवं स्थलीय निरीक्षण कर भवन की स्थिति सहित विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

आई रिलीफ सोसाइटी के माध्यम से अस्पताल को पुनः संचालित कराने की कवायद

जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनन्द उपाध्याय को निर्देशित किया कि अन्तर्विभागीय समन्वय स्थापित करते हुए आई रिलीफ सोसाइटी के अंतर्गत आवश्यक विभागीय कार्यवाही सुनिश्चित की जाए और सीतापुर आई हॉस्पिटल को पुनः क्रियाशील कराने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएं। उल्लेखनीय है कि जिलाधिकारी आई रिलीफ सोसाइटी की अध्यक्ष तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी इसके उपाध्यक्ष हैं।

1963 में अधिग्रहीत हुई थी जमीन

प्राप्त जानकारी के अनुसार सीतापुर आई हॉस्पिटल के लिए वर्ष 1963 में जिला प्रशासन द्वारा भूमि अधिग्रहीत की गई थी। अस्पताल का निर्माण जनता के सहयोग और शासकीय अनुदान से कराया गया था। इसके बाद कुछ वर्षों तक सीतापुर आई हॉस्पिटल का संचालन भी हुआ, लेकिन पिछले लगभग 15-20 वर्षों से इसका समुचित संचालन नहीं हो सका।

बताया गया कि अस्पताल को पूर्व में शासन से अनुवर्ती अनुदान भी प्राप्त होता रहा था, लेकिन वर्ष 2022 से यह अनुदान बंद है। लंबे समय से उपयोग में न आने के कारण अस्पताल का भवन वर्तमान में जर्जर और क्षतिग्रस्त अवस्था में पहुंच चुका है।

आसपास के जिलों की जनता को भी मिल सकता है लाभ

सीतापुर आई हॉस्पिटल के पुनरुद्धार और संचालन की पहल से फर्रूखाबाद के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों की जनता को भी बेहतर नेत्र चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद जगी है। लंबे समय से बंद पड़े इस अस्पताल को दोबारा शुरू कराने के लिए जिलाधिकारी द्वारा भूमि अभिलेखों, भवन की स्थिति और विभागीय प्रक्रिया की जांच शुरू कराए जाने को महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनन्द उपाध्याय के प्रयासों से यदि अस्पताल का पुनरुद्धार और संचालन संभव होता है, तो यह जनपद में नेत्र चिकित्सा सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी।

Leave a Comment