फर्रुखाबाद:पांचाल घाट पर चला गंगा स्वच्छता अभियान, श्रद्धालुओं को स्वच्छता और सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 21 अगस्त 2026 सावन माह के दृष्टिगत जिला गंगा समिति के तत्वावधान में शुक्रवार को पांचाल घाट पर गंगा स्वच्छता अभियान एवं विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला परियोजना अधिकारी निहारिका पटेल के निर्देशन में गंगा योद्धाओं ने घाट पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर गंगा को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखने का संदेश दिया।

अभियान के दौरान घाट पर फैली प्लास्टिक, पॉलिथीन, खंडित मूर्तियां, कपड़े तथा अन्य अपशिष्ट सामग्री को एकत्रित कर उनका समुचित निस्तारण किया गया। इस दौरान गंगा स्नान और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं को गंगा नदी में पूजा सामग्री, पॉलिथीन एवं अन्य कचरा विसर्जित न करने के लिए जागरूक किया गया।

श्रद्धालुओं से की गई जनसहभागिता की अपील

कार्यक्रम में लोगों को गंगा नदी की धार्मिक एवं पर्यावरणीय महत्ता बताते हुए इसकी स्वच्छता बनाए रखने में जनसहभागिता की आवश्यकता पर जोर दिया गया। गंगा को स्वच्छ, निर्मल और अविरल बनाए रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया गया।

बाढ़ के चलते गहरे पानी में जाने से बचने की सलाह

वर्तमान बाढ़ की स्थिति को देखते हुए गंगा से जल लेने और स्नान के लिए पहुंचे कांवरियों एवं श्रद्धालुओं को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई। लोगों को गहरे पानी में न जाने तथा निर्धारित एवं सुरक्षित स्थानों पर ही स्नान करने के लिए जागरूक किया गया।

दुकानदारों और नाविकों को भी दिए निर्देश

घाट पर मौजूद दुकानदारों, पंडित-पुजारियों एवं नाविकों से भी अपील की गई कि वे श्रद्धालुओं को लगातार गंगा स्वच्छता के प्रति जागरूक करें। साथ ही घाट पर किसी भी प्रकार का कूड़ा-कचरा अथवा पूजा सामग्री गंगा नदी में जाने से रोकने में सहयोग करें।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों को गंगा नदी को स्वच्छ, निर्मल एवं अविरल बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। सभी से स्वयं गंगा स्वच्छता का पालन करने और आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया।

Leave a Comment