फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 21 अगस्त 2026 कोतवाली मोहम्मदाबाद पुलिस ने लूट के मुकदमे में वांछित चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से लूटे गए रुपयों में से 1,03,490 रुपये नकद, एक अवैध 315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा भी बढ़ाई गई है।
पुलिस के अनुसार, अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन कानपुर अनुपम कुलश्रेष्ठ के निर्देशन तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर रेंज यमुना प्रसाद के पर्यवेक्षण में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
19 अगस्त को हुई थी 30 लाख रुपये की लूट
मामले के अनुसार, 19 अगस्त 2026 को नवीन कुमार अग्रवाल निवासी वृंदावन, जनपद मथुरा ने कोतवाली मोहम्मदाबाद में तहरीर देकर बताया था कि मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात बदमाश उनकी फर्म के कर्मचारियों से रुपयों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए हैं। तहरीर के आधार पर मुकदमा अपराध संख्या 282/2026 धारा 309(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटे गए रुपये बरामद किए थे। पूछताछ और विवेचना में एक अन्य आरोपी कुंवर बहादुर सिंह उर्फ सोनू पुत्र स्वर्गीय विजयपाल, निवासी ग्राम कल्हौर पछाह, थाना घिरोर, जनपद मैनपुरी का नाम सामने आया।
भाई से मिली थी लूट की जानकारी
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका भाई शिवकुमार जीबीए स्टील कंपनी, शिकोहाबाद में चालक है और फर्म के मुनीम संदीप गौतम के साथ रुपये लाने-ले जाने का काम करता है। उसे पहले से जानकारी थी कि 18 अगस्त को संदीप फर्रुखाबाद से रुपये लेकर जाने वाला है।
आरोपी के अनुसार, इसी सूचना के आधार पर उसने अपने साथियों विशाल उर्फ सीटू और उमेश उर्फ ततैया के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई। आरोप है कि खाटू श्याम मंदिर के पास बेवर रोड पर सुनसान स्थान में हार्न चेक करने के बहाने कार रोकी गई। इसी दौरान आरोपी अपने साथियों के साथ मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा और तमंचा दिखाकर रुपयों से भरा बैग लूट लिया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने लूटे गए बैग को वीरपुर गांव के पास झाड़ियों में छिपा दिया था। बाद में बैग से करीब 30 लाख रुपये मिलने पर आरोपियों ने रकम आपस में बांट ली। आरोपी कुंवर बहादुर सिंह के हिस्से में छह लाख रुपये आए थे।
भाई को दिए 4.76 लाख रुपये
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने अपने हिस्से में आए छह लाख रुपये में से 4,76,500 रुपये अपने सगे भाई मोनू को दे दिए थे, जबकि शेष रकम लेकर वह अपने घर चला गया था। साथियों के पकड़े जाने की जानकारी मिलने के बाद वह उनका पता लगाने के लिए फर्रुखाबाद आया था, तभी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के पास से बरामद 1,03,490 रुपये लूट की घटना से संबंधित रकम है। इसके अलावा उसकी जामा तलाशी में 315 बोर का अवैध देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। आरोपी ने पूछताछ में कथित तौर पर इसी तमंचे से लूट के दौरान डराने की बात स्वीकार की है।
आर्म्स एक्ट की धारा बढ़ाई गई
बरामदगी के आधार पर मुकदमा अपराध संख्या 282/2026 में धारा 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।
आरोपी का आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार कुंवर बहादुर सिंह उर्फ सोनू के खिलाफ पूर्व में भी एक मुकदमा दर्ज है। उसका आपराधिक इतिहास इस प्रकार है—मु0अ0सं0 353/2019, धारा 60 आबकारी अधिनियम, थाना घिरोर, जनपद मैनपुरी। मु0अ0सं0 282/2026, धारा 309(4)/317(2) बीएनएस एवं 3/25 आर्म्स एक्ट, कोतवाली मोहम्मदाबाद, जनपद फतेहगढ़।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीमें
गिरफ्तारी और बरामदगी की कार्रवाई में कोतवाली मोहम्मदाबाद पुलिस के उपनिरीक्षक कपिल कुमार कुशवाह, उपनिरीक्षक बलवीर सिंह, हेड कांस्टेबल सुनील कुमार पटेल और हेड कांस्टेबल धर्मेन्द्र कुमार शामिल रहे।
एसओजी टीम में निरीक्षक संत कुमार, हेड कांस्टेबल करन, हेड कांस्टेबल तेजप्रताप, कांस्टेबल दिव्यांशु, कांस्टेबल सौरभ धीमान, कांस्टेबल धर्मेंद्र सिंह, कांस्टेबल विकास चन्द्र और मु0आ0चा0 चंद्रशेखर शामिल रहे।
वहीं सर्विलांस टीम में हेड कांस्टेबल संदीप राव, कांस्टेबल राहुल शर्मा और कांस्टेबल अरविन्द सिंह ने सहयोग किया।
पुलिस की इस कार्रवाई से लूट की घटना के खुलासे की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
