जिला प्रशासन ने कांवड़ श्रद्धालुओं के लिए आयोजित किया भंडारा, अधिकारियों ने प्रसाद वितरित कर जाना हालचाल।
अधिकारियों ने कांवड़ लेकर जा रहे श्रद्धालुओं को खीर, हलवा, पूड़ी एवं सब्जी प्रसाद के रूप में वितरित किया।
कासगंज। पवित्र श्रावण मास की कांवड़ यात्रा में जनपद कासगंज पहुंचे समस्त श्रद्धालुओं का जिला प्रशासन की ओर से हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। कांवड़ यात्रा को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
इसी क्रम में जिला प्रशासन कासगंज द्वारा श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी प्रणय सिंह, पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी वीरेन्द्र सिंह एवं अपर जिलाधिकारी दिग्विजय प्रताप सिंह ने भंडारे में पहुंचकर कांवड़ लेकर जा रहे श्रद्धालुओं को खीर, हलवा, पूड़ी एवं सब्जी प्रसाद के रूप में वितरित किया।
अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से आत्मीयता से उनका हालचाल जाना तथा यात्रा के दौरान मिल रही सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रियों की सेवा, सुरक्षा एवं सुविधा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यात्रा मार्गों पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश, चिकित्सा एवं सुरक्षा सहित आवश्यक व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर, तहसीलदार सदर, जिला चिकित्सा अधीक्षक सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
