15 अगस्त 2026
80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने कलेक्ट्रेट में फहराया राष्ट्रीय ध्वज;
स्वतंत्रता दिवस पर वीर शहीदों को नमन, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के परिजनों का हुआ सम्मान
स्वतंत्रता दिवस पर जिलाधिकारी की बेटी आलेख्या सिंह देशभक्ति के रंग में रंगी शानदार नृत्य प्रस्तुति ने मोहा सभी का मन
बच्चों की देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों ने मोहा मन, जिलाधिकारी ने बढ़ाया उत्साह
ध्वजारोहण से लेकर पौधारोपण तक, कासगंज में देशभक्ति और पर्यावरण संरक्षण का संदेश
स्वतंत्रता दिवस पर कलेक्ट्रेट एवं विकास भवन में उत्साहपूर्ण माहौल, अधिकारियों ने लिया राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प
कासगंज, 15 अगस्त 2026। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के उपरांत राष्ट्रगान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों को नमन करते हुए उनके अमूल्य योगदान को स्मरण किया।
जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के परिजनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता असंख्य वीरों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। हमें उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं प्रगति के लिए निरंतर कार्य करना चाहिए। इस दौरान बच्चों को उपहार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इसके उपरांत विकास भवन स्थित विवेकानंद सभागार में बच्चों द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति एवं स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान का संदेश दिया। जिलाधिकारी ने बच्चों को प्रमाण पत्र एवं उपहार प्रदान कर उनका उत्साह बढ़ाया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने कलेक्ट्रेट परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उनके साथ अपर जिलाधिकारी दिग्विजय प्रताप सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक मंजूर अहमद, जिला सूचना अधिकारी मिथलेश कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने भी पौधारोपण किया। अधिकारियों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया।
विकास भवन परिसर में मुख्य विकास अधिकारी श्री वीरेंद्र सिंह ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर विकास भवन के विभिन्न कार्यालयों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देते हुए स्वतंत्रता दिवस की गरिमा और देशभक्ति की भावना के साथ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।
