फर्रुखाबाद:पत्नी को गंगा नदी में फेंकने के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, मोटरसाइकिल बरामद

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 15 अगस्त 2026 थाना कमालगंज पुलिस ने पत्नी को जान से मारने की नीयत से गले में दुपट्टा कसकर पुल से गंगा नदी में फेंकने के मामले में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बताई जा रही एक अपाचे मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 14 अगस्त 2026 को पीड़िता की लिखित तहरीर के आधार पर थाना कमालगंज में मु0अ0सं0 257/2026, धारा 109(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। तहरीर में आरोप लगाया गया था कि आरोपियों ने पीड़िता को जान से मारने की नीयत से उसका गला दुपट्टे से कसकर पुल से गंगा नदी में फेंक दिया।

मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने वांछित दोनों आरोपियों अजीत पुत्र ओमकार, निवासी ग्राम अकबराबाद, थाना कम्पिल, वर्तमान पता पुरानी घटिया (पंचालघाट), थाना कादरीगेट तथा रामू पुत्र जवाहर लाल, निवासी ग्राम नेवलपुर, थाना मऊदरवाजा को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताई घटना

पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपी अजीत ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि उसने अपनी पत्नी से प्रेम विवाह किया था। पत्नी के चाल-चलन को लेकर वह परेशान था। इसके बाद उसने अपने मामा रामू के साथ मिलकर पत्नी को रिश्तेदारी में घुमाने के बहाने ले जाने और उसकी हत्या करने की योजना बनाई। आरोप है कि इसी दौरान उसके गले में दुपट्टा बांधकर उसे गंगा नदी में फेंक दिया गया।

रामू का आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार आरोपी रामू के विरुद्ध पूर्व में थाना मऊदरवाजा में मु0अ0सं0 253/2023, धारा 363/366/376 भादवि एवं 3/4 पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। इसके अतिरिक्त वर्तमान मामले में भी उसके विरुद्ध मुकदमा दर्ज है।

वहीं आरोपी अजीत के विरुद्ध थाना कमालगंज में मु0अ0सं0 257/2026, धारा 109(1) बीएनएस दर्ज है।

गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम

गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना कमालगंज के प्रभारी निरीक्षक राम सहाय सिंह, उपनिरीक्षक अखिलेश यादव, हेड कांस्टेबल रामकुमार, कांस्टेबल रविन्द्र कुमार तथा कांस्टेबल विपुल मिश्रा शामिल रहे।

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन कानपुर अनुपम कुलश्रेष्ठ के निर्देशन एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर रेंज यमुना प्रसाद के पर्यवेक्षण में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।

Leave a Comment